सोनू सूद ने बिहार के सोनू का स्कूल में कराया एडमिशन (फोटो क्रेडिट: आजतक और एएनआई)
"सोनू ने सोनू की सुन ली भाई"
यहां पहला सोनू एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) हैं और दूसरा सोनू बिहार (Bihar) में नालंदा जिले के नीमा कौल गांव का रहने वाला सोनू (Sonu) है. वही सोनू जिसने 14 मई को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीतीश कुमार से हाथ जोड़कर अपनी पढ़ाई का बंदोबस्त कराने की अपील की थी. वही सोनू जिसने आरजेडी नेता और हसनपुर से विधायक तेज प्रताप यादव से वीडियो कॉल पर बताया था कि वो आईएएस बनना चाहता है, लेकिन उनके (तेज प्रताप) या किसी के अंडर में काम नहीं करेगा. जी हां, बेबाकी से अपनी बात रखने वाले उसी सोनू की सोनू सूद ने सुन ली है.
किस स्कूल में पढ़ाई करेगा सोनू?सोनू सूद ने 18 मई की शाम को ट्वीट कर बिहार के सोनू की पूरी शिक्षा और हॉस्टल की व्यवस्था कराने की जानकारी दी. उनके मुताबिक सोनू की शिक्षा की व्यवस्था पटना जिले के बिहटा (Bihta) के आइडियल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल (Ideal International Public School) में की गई है. सोनू सूद ने ट्वीट किया,
"सोनू ने सोनू की सुन ली भाई. स्कूल का बस्ता बांधिए. आपकी पूरी शिक्षा और हॉस्टल की व्यवस्था हो गई है."
"बड़ा आदमी बनेगा अपना सोनू"सोनू सूद के इस ट्वीट पर साक़िब नाम के एक यूजर ने ट्वीट किया,
"अपना झोला उठाओ और राजधानी पटना की ओर कूच करो सोनू. @SonuSood भाई ने तुमको अपने आगोश में ले लिया है. ये होते हैं बड़े दिल वाले...नेता तो बस फोन काटते हैं."
इस पर सोनू सूद ने जवाब दिया,
"साक़िब भाई, बड़ा आदमी बनेगा अपना सोनू"
छठी क्लास में पढ़ने वाले 11 साल के सोनू ने 14 मई को बिहार के मुख्यमंत्री से अपनी पढ़ाई की गुहार लगाई थी. उसने बताया था कि वो पढ़ना चाहता है, लेकिन उसके माता-पिता उसे पढ़ाना नहीं चाहते. पिता दही बेचकर शराब पी जाते हैं. फीस नहीं भर पाने के कारण स्कूल से उसका नाम काट दिया गया था. इसके बाद उसने कई लोगों से मदद की अपील की और अब सोनू सूद ने सोनू की पढ़ाई की व्यवस्था कर दी है.