The Lallantop

नया खुलासा! गालीबाज़ श्रीकांत त्यागी सोसायटी में बोलता था - "मैं विधानसभा में काम करता हूं"

श्रीकांत त्यागी अपने झूठे सरकारी रुतबे से आर्थिक लाभ भी उठा रहा था.

Advertisement
post-main-image
श्रीकांत फॉर्च्यूनर कार में सचिवालय का स्टीकर लगाकर सोसायटी के लोगों को धमकाता था | फोटो : आजतक

नोएडा (Noida) की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी (Grand Omaxe Society) में महिला से अभद्रता करने वाले श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) को लेकर एक और बड़ा खुलासा हुआ है. आजतक के अरविंद ओझा के मुताबिक पुलिस ने श्रीकांत त्यागी और उसके ड्राइवर राहुल के खिलाफ IPC की धारा 419, 420 और 482 में मामला दर्ज किया है. और इस FIR में बताया गया है कि श्रीकांत त्यागी अपनी गाड़ी पर विधानसभा सचिवालय का स्टीकर लगाकर सोसायटी और आसपास के लोगों को धमकाता रहता था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

उसने सोसायटी में बता रखा था कि वो विधानसभा सचिवालय में काम करता है और वहां सचिव है. कार में राज्य सरकार का लोगो लगाकर वो लोगों में भय का माहौल बनाता था.

बताया जाता है कि उसका कई बार विवाद और कहासुनी हुई, लेकिन उसे बड़ा सरकारी अधिकारी या नेता समझकर कोई उससे कुछ कह नहीं पाता था. श्रीकांत त्यागी अपने झूठे सरकारी रुतबे से आर्थिक लाभ भी उठा रहा था.

Advertisement
स्वामी प्रसाद मौर्या ने दिया था स्टिकर?

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तार होने के बाद श्रीकांत त्यागी ने पुलिस की पूछताछ में बताया था कि उसकी गाड़ी में जो विधानसभा सचिवालय का स्टिकर लगा था, वो उसे स्वामी प्रसाद मौर्या ने दिया था.

श्रीकांत की गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया,

"इसके पास जो वाहन मिले हैं वो सभी 0001 (नंबर के) हैं जिनके लिए इसने 1 लाख रुपये क़ीमत दी है. जो विधायक का स्टीकर इसकी गाड़ी पर था वो इसके पुराने सहयोगी स्वामी प्रसाद मौर्या ने इसको मुहैया करवाया था. जो राजकीय चिह्न था, वो इसने खुद बनवाया. मकसद था दूसरों के सामने रसूख दिखाकर भय का वातावरण कायम कर सके."

Advertisement

हालांकि, आजतक के कुमार अभिषेक के मुताबिक स्वामी प्रसाद मौर्या का कहना है कि उनपर लग रहे आरोप बेबुनियाद हैं. उन्होंने श्रीकांत त्यागी को कोई स्टिकर नहीं दिया था.

बता दें कि मौर्या पहले यूपी की बीजेपी सरकार में मंत्री थे. लेकिन इस साल के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले वे सपा में शामिल हो गए थे. बाद में उन्होंने सपा के टिकट पर फाजिलनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वे सुरेंद्र कुमार कुशवाहा से हार गए थे. इसके बाद वे सपा के टिकट पर एमएलसी बने.

श्रीकांत त्यागी को जेल भेजा गया

बता दें कि नोएडा में महिला से बदसलूकी करने वाले गालीबाज श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था. यूपी पुलिस की 12 टीमें आरोपी की तलाश में तीन राज्यों में लगातार दबिश दे रही थीं. शाम 5 बजे नोएडा पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद देर शाम उसे कोर्ट में पेश किया. जहां कोर्ट ने सुनवाई करते हुए त्यागी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

वीडियो देखें: श्रीकांत त्यागी के कथित अवैध निर्माण पर नोएडा अथॉरिटी ने बुलडोजर चलवा दिया

Advertisement