पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. 3 साल की एक बच्ची पर कांच का दरवाज़ा टूट कर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वीडियो बेहद दर्दनाक है. वीडियो में दिख रहा है कि बच्ची ने जैसे ही दरवाजा खोला तो शीशे का बना पूरा दरवाजा टूटकर उसके ऊपर आ गिरा. जैसे ही दरवाजा गिरा, बच्ची के परिजन और दुकान में काम करने वाले लोग उसकी तरफ भागे. घायल अवस्था में बच्ची को स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
शोरूम का गेट गिरने से 3 साल की बच्ची की मौत, हादसे का वीडियो सबक देने वाला
बच्ची एक कपड़े के शोरूम में थी. तभी बड़ा सा कांच का दरवाजा उसके ऊपर गिर गया.


बिजनेस टुडे की खबर के मुताबिक मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्ची दरवाजे पर झूल रही थी. इसी दौरान शीशे का दरवाजा बच्ची के उपर गिर गया. बच्ची को उसके माता-पिता अस्पताल ले गए जहां डॅाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सोशल मीडिया प्लेटफॅार्म X पर भी इस घटना का वीडियो वायरल हुआ जहां कुछ लोग घटना के लिए बच्ची के मां-बाप की लापरवाही को जिम्मेदार मान रहे हैं. वहीं कुछ लोग इसमें दुकान के मालिक को कमजोर दरवाजे के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं.
गुरजीत सिंह (@tejisingh856) नाम के एक यूजर ने लिखा
"लेकिन पूरा ग्लास डोर कैसे निकल गया, ये तो किसी पे भी गिर सकता है."
@thedream49 नाम के एक हैंडल ने ट्वीट किया
"पेरेंट्स की लापरवाही के साथ-साथ यह शोरूम भी दरवाजे को कमजोर इन्स्टॉल करने के लिए जिम्मेदार है."
@sushBADGER नाम के एक यूजर ने रिएक्ट किया
“ये बात सही है कि पेरेंट्स को अपने छोटे बच्चों पर खेलते समय नजर रखनी चाहिए. यहां एक सवाल और उठता है कि इतना अनसेफ दरवाजा कैसे लगाया गया? इंग्लैंड में इसे कभी पास नहीं किया जाता. क्या पंजाब में कंस्ट्रक्शन के नियम अलग हैं?”
बता दें, कि बच्ची के माता-पिता ने घटना के बाद पुलिस में शिकायत नहीं दर्ज कराई है.
(यह भी पढ़ें: घर लौट रही बच्ची को ट्रैक्टर ने रौंदा, ड्राइवर को मारने के लिए भीड़ का थाने पर धावा )





















