दुकानदार की अनदेखी से खीझकर खुद भाग गया लुटेरा
15 साल से कबाब की दुकान चला रहा है. 20 साल पहले इजिप्ट से आया था न्यूजीलैंड.
Advertisement

Screengrab
हमारे घर में कोई अनजान आदमी घुस जाए तो उससे सवाल दाग कर पगला देते हैं. कौन हो. कहां से आए हो. किसने भेजा है. हमारा ही घर मिला था घुसने के लिए. और न जाने क्या-क्या. पर जरा देखो तो इस दुकानदार को. दुकान में लुटेरा घुस आया. एक शब्द तक उससे नहीं कहा. और लगा रहा अपने कस्टमर्स को कबाब सर्व करने में. लुटेरा शर्म के मारे खुद ही कट लिया वहां से. ये वाकया है न्यूजीलैंड का. अहमद पिछले 20 साल से न्यूजीलैंड में रह रहे हैं. 15 साल हो गए उन्हें वहां के लोगों को कबाब खिलाते हुए. बढ़िया-सी दुकान क्रिस्टचर्च में खोल रखी है. 28 मई को एक मास्क वाला लुटेरा अहमद की दुकान में घुस आया. उसके हाथ में पिस्तौल थी. अहमद जरा भी नहीं डरे और अपने कस्टमर्स को कबाब खिलाते रहे. एक कस्टमर को तो उन्होंने लुटेरे के पास जाकर कबाब पकड़ाया. लुटेरे को कैश देने के बजाए वो किचन में कबाब पैक करने चले गए. अहमद के इस रिएक्शन को देखकर बेचारा लुटेरा हैरान-परेशान. उनके जाने के बाद लुटेरा काउंटर के पास गया. और कुछ सेकेंड के लिए वहीं टिका रहा. वो समझ नहीं पा रहा था कि करे क्या. शरम के मारे अपना बैग उठाया जिसमें कुछ पेपर वाले रूमाल और कुछ बर्तन थे और निकल लिया वहां से. ये पूरा वाकया दुकान में लगे कैमरे में कैद हो गया. इस मजेदार वीडियो को कैंटरबरी पुलिस ने अब रिलीज किया है. जिसे करीब डेढ़ लाख बार देखा गया है. लोगों ने अहमद को 'द चिलेस्ट चीप शॉप ऑपरेटर एवर' कहा है. मतलब सबसे कूल रहने वाला दुकानदार. अहमद कहते हैं कि इन 15 साल की दुकानदारी में ऐसा पहली बार हुआ है. लुटेरे ने मुझसे पैसे मांगे पर मैंने अपने कस्टमर्स को सर्व करना जरूरी समझा. वो मुझे डरा नहीं पाया. बल्कि मेरे रिएक्शन से उल्टा चकरा गया. मुझे पता था वो मुझे लूटने आया है, मारने नहीं. भले ही मैं उस वक्त ब्रेव रहा, पर उसके जाने के बाद मेरा हार्ट नॉर्मल से ज्यादा जोर से धड़क रहा था. वीडियो आपके लिए लेकर आए हैं. देख लीजिए. https://youtu.be/aYj1XE9aoXg
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement





















