मुंबई अंडर-23 में खेलने के बाद अर्जुन तेंडुलकर को अब इस बड़ी लीग में जगह मिलने वाली है
IPL तक पहुंचने की तैयारी हो रही है?
Advertisement

फोटो - thelallantop
अर्जुन तेंडुलकर. पहचान बताने की जरूरत ही नहीं है. बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ हैं. इनकी लाइफ एक आम क्रिकेटर जैसी नहीं है. जहां जाते हैं लोग उन्हें खेलते देखना चाहते हैं. देखना चाहते हैं कि वो अपने पापा सचिन जैसे बन पाते हैं या नहीं. क्या उनमें अगला सचिन दिखता है या नहीं? एक अजीब से दबाव के साथ खेलने वाले अर्जुन अब ख़बरों में हैं क्योंकि जूनियर लेवल से निकलकर वो सीनियर लेवल में कदम रखने जा रहे हैं. अर्जुन ने टी20 मुंबई लीग में नीलामी के लिए अपना नाम दिया है. इस लीग का ये दूसरा सीजन होगा. उम्मीद है कि ये लीग आईपीएल के बाद शुरू होगी. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने टी20 मुंबई लीग की शुरुआत 2018 में की थी. पहले सीजन में ये हिट रहा तो दूसरा सीजन लेकर आ रहे हैं. आईपीएल ख़त्म होने के बाद ही शुरू हो पाएगा. लीग में अर्जुन का नाम जुड़ना इसको और ज्यादा मशहूर कर देगा. फिर एमसीए का प्लान है कि इस लीग को बड़े स्तर पर कराया जाए ताकि मुंबई के बाहर से आने वाले खिलाड़ी भी इसमें हिस्सा ले सकें. अर्जुन तेंडुलकर को भी इस लीग में अपना दमख़म दिखाने का मौका मिल जाएगा. अर्जुन ने अभी तक अंडर 19 लेवल पर देश का प्रतिनिधित्व किया है. पिछले साल श्रीलंका दौरे पर उन्होंने 3 विकेट लिए थे. दो परियों में एक जीरो के साथ कुल 14 रन भी बनाए. हाल ही में वो 15वें डीवाई पाटिल टी20 कप टूर्नामेंट में भी खेले और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. इसी का नतीजा था कि 19 साल के इस खब्बू गेंदबाज ने मुंबई की अंडर 23 टीम में भी अपनी जगह बनाई. वो मुंबई के लिए अंडर 14, अंडर 16 और अंडर 19 में खेल चुके हैं. अर्जुन जैसा भी खेलें सबकी नज़रें उनपर ही रहेंगी. सचिन को चाहने वाले अर्जुन को भी उनके स्तर का बनते देखना चाहते हैं. बीच-बीच में रोहन गावस्कर या अभिषेक बच्चन से उनकी तुलना कर दी जाती है लेकिन अभी वो सीख रहे हैं. और वैसे भी उन्हें ये पता ही होगा की इंडियन क्रिकेट टीम तक पहुंचने के लिए उन्हें बहुत पापड़ बेलने पड़ेंगे.
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement





















