यूक्रेन (Ukraine) ने रूस पर मिसाइल हमला कर उसके कई नागरिकों की हत्या करने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि रूस ने 5 अक्टूबर को खार्किव क्षेत्र के एक गांव में मिसाइल अटैक किया है. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में 49 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है. बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक 6 साल का बच्चा भी शामिल है. यूक्रेन के कई मंत्रियों की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक हमला कुपयांस्क जिले के ह्रोज़ा गांव में हुआ. इसे एक मिसाइल हमला बताया जा रहा है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर इस हमले को 'क्रूर रूसी अपराध' बताया.
यूक्रेन में 'रूसी मिसाइल' हमले में 49 की मौत, शोक मनाने जुटे थे लोग
यूक्रेन का कहना है कि इस रूसी हमले में गांव के 49 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है. गांव वाले एक शोक सभा में थे, जब ये हमला हुआ.


रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक खार्किव क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने बताया कि ह्रोज़ा गांव में 1 बजकर 15 मिनट पर (स्थानीय समय) हमला हुआ. यूक्रेन के रक्षा मंत्री रुस्तम उमेरोव ने X पर रूस पर ‘आतंकवादी हमले’ का आरोप लगाते हुए लिखा,
"एक मिसाइल ने खार्किव क्षेत्र में एक किराने की दुकान और कैफे को निशाना बनाया.
49 लोग मारे गए.
अपनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति संवेदना.हमारे देश को आतंक से बचाने के लिए यूक्रेन को अधिक एयर डिफेंस की जरूरत है. हम (अपने) साथियों के साथ इस पर चर्चा कर रहे हैं."

यूक्रेन के रक्षा मंत्री ने कुछ तस्वीरें भी डाली हैं, जिनमें कई लोगों के शव दिखाई दे रहे हैं. इनमें दो तस्वीरें घटनास्थल पर चल रहे बचाव अभियान की हैं.

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन के आंतरिक मामलों के मंत्री इहोर क्लिमेंको ने एक यूक्रेनी टीवी को बताया कि जिस जगह पर हमला हुआ, वहां उस वक्त 300 से ज्यादा लोग मौजूद थे. रिपोर्ट में बताया गया है कि ह्रोज़ा गांव के लोग एक व्यक्ति की मौत पर शोक मनाने के लिए एक लोकल कैफे में जुटे हुए थे. इस हमले के बाद खार्किव क्षेत्र में 6 अक्टूबर से तीन दिन का शोक घोषित किया गया है.
(ये खबर अभी अपडेट हो रही है.)
ये भी पढ़ें- एलन मस्क को क्यों लगा रूस यूक्रेन पर परमाणु बम गिरा सकता है और उसे रोका कैसे?


















