The Lallantop

'मैंने राहुल गांधी को मार दिया', कांग्रेस नेता के इन बयानों से चर्चा में रही भारत जोड़ो यात्रा

"देश की आबादी 140 करोड़ रुपए..."

Advertisement
post-main-image
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी. (फोटो-PTI)

रविवार, 29 जनवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा खत्म हुई (Rahul Gandhi Viral Bharat Jodo Yatra). इसके साथ ही 7 सितंबर, 2022 को शुरू हुआ 4000 किलोमीटर का सफर पूरा हो गया. ये यात्रा कई वजहों से चर्चा में रही. जाहिर है इन वजहों में वे सवाल भी शामिल रहे जो कांग्रेस और खुद राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य को लेकर किए गए. कई राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ये यात्रा 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और राहुल गांधी के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है. वहीं कई विशेषज्ञ कहते रहे कि इस यात्रा से खुद राहुल गांधी की छवि भी सुधर जाए तो कांग्रेस को खुश हो जाना चाहिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सवालों से इतर भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी के बयानों के चलते भी चर्चा में रही. कांग्रेस के इस राजनीतिक अभियान के दौरान कई लोगों ने राहुल गांधी का इंटरव्यू किया. कई प्रेस कॉन्फ्रेंस हुईं. पार्टी अपनी तरफ से लगातार मंच कार्यक्रम करती रही जिनमें राहुल गांंधी भाषण देते. इन सब में उन्होंने कई बातें ऐसी कहीं जिनकी वजह से भारत जोड़ो यात्रा चर्चा का विषय बनी रही.

1. दादी जैसे गुण वाली जीवनसाथी चाहिए

Advertisement

एक इंटरव्यू में राहुल गांधी ने बताया कि वो ऐसे व्यक्ति को अपना पार्टनर बनाना चाहेंगे, जिसमें उनकी मां सोनिया गांधी और दादी इंदिरा गांधी दोनों के गुण हों. राहुल गांधी ने अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए कहा,

वो मेरे जीवन का प्यार हैं. मेरी दूसरी मां.

इस पर राहुल गांधी से पूछा गया कि क्या वो उनके जैसी महिला के साथ घर बसाएंगे तो वो जवाब में बोले,

Advertisement

ये एक दिलचस्प सवाल है. उनमें कई अच्छे गुण हैं. मैं उनके जैसे गुण वाली महिला को पसंद करूंगा. मुझे कोई आपत्ति नहीं है. हालांकि मेरी मां और दादी के गुणों का मिश्रण अच्छा है.

2. मैंने राहुल गांधी को मार दिया है

राहुल गांधी का ये बयान खूब वायरल हुआ. इस पर बीजेपी और अन्य विरोधी दलों ने उनको खूब ट्रोल भी किया था. दरअसल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने रिपोर्टर्स से कहा था,

राहुल गांधी आपके दिमाग में है, मैंने मार दिया उनको. वो है ही नहीं. मेरे माइंड में है ही नहीं. गया वो. जिस व्यक्ति को आप देख रहे हैं वो राहुल गांधी नहीं है. वो आपको दिख रहा है. शिव जी को पढ़ो. बात समझ आ जाएगी. हैरान मत हो. राहुल गांधी BJP के दिमाग में है.

3. मैं कोई सनस्क्रीन यूज नहीं करता

कर्नाटक के बल्लारी में एक यात्री ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वो धूप से बचने के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं. इस पर राहुल गांधी अपनी टी शर्ट का बाजू ऊपर उठाकर टैनिंग दिखाते हुए बोलते हैं-

नहीं मैं कोई सनस्क्रीन नहीं यूज करता हूं. मेरी मां ने सनस्क्रीन भेजी है लेकिन मैं उसे यूज नहीं कर रहा हूं.

4. देश की आबादी 140 करोड़ रुपए

इस बयान पर भी राहुल गांधी को खूब ट्रोल कहा गया. दरअसल एक भाषण के दौरान उनकी जबान फिसल गई थी. सिर्फ गलती वाला क्लिप ही वायरल हुआ था, जबकि कांग्रेस नेता ने अपनी गलती तुरंत सुधार ली थी. कहा था,

देश की आबादी 140 करोड़ रुपए…140 करोड़ लोग. जितना धन आधे देश के पास है उतना केवल 100 लोगों के पास है. क्या यह न्याय है? देश में 90 फीसदी मुनाफा केवल 20 कंपनियों के हाथ में है.

5. वो मेरी दादी को गूंगी गुड़िया कहते थे

एक इंटरव्यू में राहुल से पूछा गया कि लोग उन्हें 'पप्पू-पप्पू' कहते हैं. क्या उन्हें इस बात का बुरा नहीं लगता? इस पर राहुल ने कहा,

ये प्रॉपगैंडा कैम्पेन है. जो बोल रहा है, ये उसके दिल की बात है. मुझे परवाह नहीं है.

बात-बात में देश की पूर्व प्रधानमंत्री और राहुल की दादी इंदिरा गांधी की बात आई. इंटरव्यू लेने वाले ने कहा कि इंदिरा गांधी को 'आयरन लेडी' कहा जाता था. टोकते हुए राहुल गांधी ने कहा,

आयरन लेडी कहे जाने से पहले उन्हें गूंगी गुड़िया कहते थे. जो लोग मुझ पर चौबीसों घंटे हमला करते हैं, वही उन्हें गूंगी गुड़िया कहते हैं. और, अचानक गूंगी गुड़िया आयरन लेडी बन गई. असल में वो हमेशा से आयरन लेडी ही थीं.

बता दें पांच महीने से भी कम समय में भारत जोड़ो यात्रा ने 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया. ये यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से होकर गुजरी.

वीडियो: राहुल गांधी की यात्रा में पुलवामा के बच्चों ने भारत माता की जय बोल, क्या कह दिया?

Advertisement