पंजाब में गैंगवॉर और मर्डर की घटनाओं को लेकर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की एक जांच में कई तथ्य सामने आए हैं. NIA के सूत्रों के मुताबिक जांच में ये पता चला है कि कथित रूप से कनाडा और पंजाब स्थित गैंगस्टर्स पंजाबी गायकों को धमकियां देते हैं. ये गैंगस्टर इन गायकों को उनके यूट्यूब चैनलों पर एक्सक्लूसिव गाने रिलीज़ करने के लिए धमकाते हैं और इससे कमाई गई राशि से अवैध हथियार खरीदने का काम करते हैं. यही नहीं, जेल में बंद गैंगस्टर्स भी पंजाबी गायकों को धमकियां भिजवाते हैं.
बुरे हाल में पंजाब के गायक, कनाडा से धमकाते हैं गैंगस्टर्स, उन्हीं के पैसे से खरीदते हैं हथियार
यूट्यूब के पैसे से आते हैं अवैध हथियार, NIA ने किया खुलासा.
.webp?width=360)

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक NIA के प्रवक्ता ने बताया,
“अगस्त 2022 से अब तक NIA ने तीन केस रजिस्टर किए हैं. इनमें कबड्डी खिलाड़ियों सहित कई लोगों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों और नियोजित हत्याओं में शामिल होने का मामला दर्ज किया गया है.”
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल NIA ने कनाडा स्थित गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लांडा, पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर हरविंदर सिंह रिंडा और अमेरिका स्थित सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ FIR दर्ज की थी. इन सभी पर खालिस्तान आंदोलन का समर्थन करने के आरोप लगे थे.
NIA सूत्रों ने अखबार को बताया कि एजेंसी ने अब तक लगभग 26 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें 6 गैंगस्टर ऐसे हैं जो जेल में बंद हैं. रिपोर्ट के मुताबिक एक सूत्र ने बताया,
“NIA ने इन लोगों के पास से कई अवैध हथियार, करोड़ों रुपये और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं. ये गैंगस्टर कथित तौर पर युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए आतंकी गतिविधियों के लिए प्रेरित और भर्ती कर रहे थे. गैंगस्टर जनता के बीच खौफ पैदा करने के लिए अपने अपराधों को प्रसारित करने के लिए सोशल मीडिया का उपयोग कर रहे थे.”
इस मामले को लेकर NIA ने कई पंजाबी गायकों, कबड्डी खिलाड़ियों, व्यापारियों और व्यक्तियों से भी पूछताछ की. इन लोगों को गैंगस्टरों या उनके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर धमकियां दी गई थीं. NIA को ये भी पता चला कि गैंगस्टर इन गायकों को अपने साथियों के किसी कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए बुलाते थे. यही नहीं, गायकों ने ये भी कहा कि कई बार गैंगस्टर इन कार्यक्रम में परफॉर्म करने पर मिलने वाली राशि भी उन्हें नहीं देते थे.
बिश्नोई और बंबीहा गैंग आतंकी गतिविधि में शामिलNIA के सूत्रों के मुताबिक बिश्नोई और बंबीहा गैंग यूट्यूब पर रिलीज किए गए म्यूजिक वीडियो से पैसा कमाते थे. ये गाने पंजाबी गायकों द्वारा गाए जाते थे. पैसे कमाने के चक्कर में बिश्नोई और बंबीहा गैंग गायकों को धमकाते थे. NIA को जांच में ये भी पता चला कि ये दोनों गैंग कनाडा स्थित आतंकवादी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श दल्ला और पाकिस्तान स्थित रिंडा के लिए काम करते थे.
रिपोर्ट के अनुसार NIA ने पिछले हफ्ते छह लोगों को गिरफ्तार किया था. इसमें एक शख्स अर्शदीप सिंह का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है. NIA ने इन लोगों को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली समेत देशभर के 76 ठिकानों पर रेड मारी थी.
वीडियो: अमृतपाल सिंह का नया वीडियो वायरल, SSP को धमकाया, पुलिस बोली- 24 घंटे में होगी रिहाई!




















