17 फरवरी की रात पंजाब के गुरदासपुर ने एक पुलिसकर्मी के घर के बाहर धमाका हुआ. ये एक लो-इंटेंसिटी(कम क्षमता) का धमाका था. ब्लास्ट की वजह से किसी के मरने या घायल होने की खबर नहीं है. पुलिस और जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की. ये पूरी घटना गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक इलाके में हुई.
गुरदासपुर ब्लास्ट: आतंकी संगठन बब्बर खालसा ने ली बम धमाके की जिम्मेदारी
Gurdaspur Bomb Blast: अभी एजेंसियां इसकी जांच कर ही रही थीं, तब तक खबर आई कि आतंकी संगठन Babbar Khalsa International ने इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली है. बब्बर खालसा इंटरनेशनल या BKI के आतंकी हैप्पी पासियां और शेरा मान की तरफ से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की गई.


अभी एजेंसियां इसकी जांच कर ही रही थीं, तब तक खबर आई कि आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली है. बब्बर खालसा इंटरनेशनल या BKI के आतंकी हैप्पी पासियां और शेरा मान की तरफ से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की गई. उन्होंने पंजाबी भाषा में की गई इस पोस्ट में लिखा
आज जो घटना गांव रायमल में जतिंदर पुलिस वाले के घर ग्रेनेड हमला हुआ है, उसकी जिम्मेदारी मैं, हैप्पी पासियां व भाई शेरा मान लेते है. दो महीने पहले इसने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मेरे घर जा कर मेरे परिवार के साथ बदसलूकी की और जबरदस्ती कैमरों का डीवीआर उतार लिया. पहले भी इसने रमदास इलाके में और भी परिवारों के साथ गलत किया, जो ना हमने पहले बर्दाश्त किया और ना ही अब करेंगे.
आतंकियों ने पोस्ट में आगे लिखा
जिस भी पुलिसकर्मी या पुलिस अधिकारी को ये सब करने का शौक है, वो एक बार अपने परिवार की तरफ देख कर ये शौक पैदा करें. हमारी तरफ से ईंट का जवाब पत्थर के साथ दिया जाएगा और जैसे पुलिस फेक एनकाउंटर करने से नहीं हट रही और नाजायज परिवारों को तंग करने से नहीं हट रही, बहुत जल्दी जवाब एक बहुत बड़ा एक्शन करके दिया जाएगा. जिसमें पुलिस अधिकारी टारगेट होंगे. वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह.
बीते साल भी पंजाब के गुरदासपुर में इस तरह के ब्लास्ट हो चुके हैं. इन सभी धमाकों का संबंध खालिस्तान से जुड़े आतंकियों से रहा है. इससे पहले दिसंबर 2024 में गुरदासपुर में ही कलानौर तहसील के पास 20 दिसंबर को धमाका हुआ था. कुल मिलाकर 2024 से अब तक 5 से अधिक इस तरह की घटनाएं रिपोर्ट की जा चुकी हैं. सभी का संबंध ख़ालिस्तानी आतंकियों से रहा है. जांच एजेंसियां और पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही हैं.
इस मामले पर जानकारी देते हुए डीएसपी रिपुतपन सिंह ने बताया
सुबह सूचना मिली कि रायमल इलाके में सुखदेव सिंह के घर के पास से धमाके की आवाज आई है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे एरिया का जायजा लिया. धमाके से आसपास के शीशे टूट गए पर और किसी तरह के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है. पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है.
पुलिस की फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटा रही है. ये पता किया जा रहा है कि किस तरह की चीजों का इस्तेमाल धमाके के लिए किया जा रहा है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: दिल्ली भगदड़ का कारण, सिखों को पगड़ी उतारने पर क्यों किया मजबूर?




















