The Lallantop

पुलिसवाले ने पत्नी-बेटे और कुत्ते की हत्या की, गांव की लड़की को अगवा किया, फिर खुद को गोली मारी

हत्या का ये हैरतअंगेज मामला पंजाब के गुरदासपुर का है.

Advertisement
post-main-image
पत्नी-बेटे की हत्या करने के बाद आरोपी ASI ने गांव की लड़की को किडनैप कर लिया. (फोटो: आजतक)

पंजाब के गुरदासपुर जिले का बुबली गांव मंगलवार, 4 अप्रैल को हत्या की वारदातों से हिल गया. इन हत्याओं में पंजाब पुलिस के एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) का हाथ बताया गया है. खबर के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से पहले अपनी पत्नी और बेटे की हत्या की. बाद में अपने पालतू कुत्ते को भी मार डाला. तीन हत्याएं करने के बाद आरोपी ASI ने कथित तौर पर गांव की एक लड़की को भी अगवा कर लिया. कुछ ही देर बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. आरोपी ASI का नाम भूपिंदर सिंह बताया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
पत्नी-बेटे की हत्या के बाद लड़की अगवा की

आजतक से जुड़े बिशंबर बिट्टू की रिपोर्ट के मुताबिक गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरीश कुमार दायमा ने इस पूरे प्रकरण की पुष्टि की है. SSP के मुताबिक गांव के सरपंच परमजीत सिंह ने फोन पर घटना की जानकारी दी थी. उन्होंने पुलिस को बताया,

"घटना मंगलवार सुबह करीब साढे़ 9 बजे की है. मुझे सूचना मिली थी कि गांव में रहने वाले ASI भूपिंदर सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से घर में अपनी 40 साल की पत्नी बलजीत कौर और 19 साल के बेटे बलप्रीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. और अपने पालतू कुत्ते की भी गोली मारकर हत्या कर दी है."

Advertisement

सरपंच ने आगे बताया कि गांव की एक युवती ने भूपिंदर सिंह को परिवार और पालतू कुत्ते की हत्या करते देख लिया था. इसीलिए उसने उस लड़की को भी अगवा कर लिया. फिर गांव से फरार हो गया. आजतक के मुताबिक कुछ देर बाद जानकारी आई कि उसने खुद को भी गोली मार ली है. हालांकि ये साफ नहीं है कि भूपिंदर सिंह की मौत हुई या नहीं. बाद में पुलिस ने लड़की को ढूंढ निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया. वहां उसका चेकअप किया जा रहा है. वहीं मृतक बलजीत कौर और बलप्रीत सिंह के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक भूपिंदर सिंह अमृतसर में DIG आफिस में तैनात थे. पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने अपनी पत्नी, बेटे और कुत्ते की हत्या क्यों की, और क्यों गांव की लड़की को अगवा करने के बाद खुद को भी गोली मार ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वो गांव और उसके आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. वहीं सरपंच ने बताया कि इस घटना से गांव के लोग डरे हुए हैं.

वीडियो: पंजाब में होला मोहल्ला देखने कनाडा से आए NRI युवक की हत्या से बवाल, वीडियो वायरल!

Advertisement

Advertisement