The Lallantop

अमरिंदर ने कहा, बीजेपी नेता के गेट पर गोबर फेंकने वालों पर से 'हत्या के प्रयास' का केस हटाओ

लेकिन किसान एंथम गाने वाले गायक की गिरफ्तारी को सीएम ने सही बताया

Advertisement
post-main-image
पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने उन किसान आंदोलनकारियों पर से हत्या के प्रयास का मामला हटाने के आदेश दिए हैं, जिन्होंने विरोध स्वरूप एक बीजेपी नेता के घर के आगे गोबर से भरी गाड़ी पलट दी थी.
पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह ने अपनी ही पुलिस के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है. उन्होंने बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री के घर के आगे गोबर की गाड़ी पलटने वाले किसान आंदोलनकारियों के खिलाफ लगाई गई धारा 307 को हटाने के आदेश दिए हैं. बता दें कि धारा 307 के तहत 'हत्या का प्रयास' का मामला दर्ज होता है.  कैप्टन अमरिंदर, जो प्रदेश के सीएम के साथ गृह मंत्री भी हैं, उन्होंने न सिर्फ धारा 307 हटाने के आदेश दिए, बल्कि उस थाना प्रभारी के ट्रांसफर का भी आदेश दिया, जिसने यह मामला दर्ज किया था. सीएम अमरिंदर सिंह का कहना है कि थाना प्रभारी ने गलत धारा लगाई थी, यह कोई हत्या के प्रयास का मामला नहीं था.
पंजाब में भले ही गोबर फेंकने वाले किसान पर से धारा 307 का आरोप हट गया, लेकिन हरियाणा में अब भी कई किसान प्रदर्शनकारियों पर 'हत्या के प्रयास' के मामले दर्ज हैं. ये मामले तब दर्ज हुए थे, जब किसानों को दिल्ली आने के दौरान रास्ते में रोका गया था और उन्होंने बैरिकेड तोड़ दिए थे. BJP नेता के घर के आगे फेंका था गोबर पंजाब के होशियारपुर में कृषि कानूनों के विरोध में कुछ लोगों ने पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद के घर के बाहर गोबर का ढेर लगा दिया था. इसके लिए इन लोगों के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था. मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय SIT का भी गठन हुआ था.
भाजपा के ज़िला सचिव सुरिंदर पाल सिंह भट्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, इसी पर ये कार्रवाई की गई. वह तीक्ष्ण सूद के क़रीबी भी कहे जाते हैं. उन्होंने कहा था कि 1 जनवरी को वे तीक्ष्ण सूद से मिलने जा रहे थे. तभी एक सिख 15-20 हथियारबंद लोगों के साथ ट्रैक्टर से आया. उसने गाय के गोबर से भरी हुई ट्रॉली पलट दी. भट्टी ने दावा किया है कि उन लोगों ने तीक्ष्ण सूद पर हमला करने और ट्रैक्टर चढ़ाने की भी कोशिश की.
Punjab
पंजाब में किसान आंदोलनकारियों ने बीजेपी नेता के घर के बाहर गोबर डाल दिया था. इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया था.
पंजाबी गायक की गिरफ्तारी को सही बताया कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गोबर फेंकने पर धारा 307 हटाने के आदेश दिए, लेकिन पंजाबी गायक पवनदीप सिंह उर्फ श्रीबराड़ की गिरफ्तारी को सही बताया. पंजाबी गायक पवनदीप सिंह उर्फ श्रीबराड़ को पटियाला पुलिस ने मोहाली के सेक्टर 91 की नामी सोसायटी से गिरफ्तार किया था. श्रीबराड़ पर अपने गानों के जरिए अपराध को बढ़ावा देने और जेलों में बंद अपराधियों का महिमा मंडन करने का आरोप है. श्रीबराड़ किसान एंथम गीत के बाद चर्चा में आए थे. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाबी गायक की गिरफ्तारी को सही करार देते हुए कहा कि इसका प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में गायक के वीडियो से कुछ लेना-देना नहीं है. गायक को गिरोहबाजी और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले पुराने गानों की वजह से गिरफ्तार किया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement