The Lallantop

कंदील बलोच के कातिल भाई को अब उसके बाप भी नहीं बचा पाएंगे

पाकिस्तान में 'कसास' शरिया कानून है. इसके तहत फैमिली अगर चाहे तो मुजरिम को माफ कर सकती है, लेकिन कंदील का कातिल तो गयो.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
पाकिस्तान की मॉडल कंदील बलोच. भाई ने ही गला दबाकर मार डाला. कह रहा था कंदील को मारने पर उसे कोई शर्मिंदगी नहीं है. उस जाहिल को शर्मिंदगी हो या न हो, अब सजा जरूर मिलेगी. अब तो उसे उसकी फैमिली माफ नहीं कर सकती. उसको अब पाकिस्तान का कानून भी नहीं बचा सकता. पुलिस ने सेक्शन-311 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. अब 'कसास' कानून के मुताबिक उसे माफ़ नही किया जा सकता है. पुलिस अफसर अजहर अकरम ने एक्सप्रेस ट्रिब्यून को बताया कि कंदील बलोच के मर्डर की पैरवी सरकारी वकील करेगा. कंदील के पिता अपने बेटे मोहम्मद वसीम को माफ नहीं कर सकते हैं. साथ ही उन सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी, जो मर्डर से पहले कंदील बलोच से कॉन्टैक्ट में थे.

'कसास' की वजह से आसानी से छूट जाते हैं कातिल

पाकिस्तान में कसास और दीयत कानून है. इस कानून की वजह से 'ऑनर किलिंग' और मर्डर करने वाले आसानी से बच जाते हैं, क्योंकि इस कानून के तहत अगर मरने वाले की फैमिली मुजरिम को माफ़ कर दे, तो वो छूट सकता है. मर्डर करने वाला फैमिली से ही ताल्लुक रखने वाला होता है. आपसी रंजिश और गैरत के मामले में फैमिली एक को तो खो ही चुकी होती है, दूसरे को न खो दें, इसलिए उसे माफ कर देते हैं. कातिल बच निकलता है और जुर्म फैमिली का मामला बनकर रह जाता है. या फिर दीयत के तहत कुछ रकम का जुर्माना लगाकर निजात दे दी जाती है. इस्लामी शरीयत में कसास का मतलब बराबर बदला लेने से है. सऊदी अरब में इस कानून के मुताबिक अगर कोई शख्स सड़क हादसे में मर जाता है तो उसकी फैमिली ड्राइवर से उम्रभर की कमाई रखवाकर उसे कंगाल कर सकती है. पाकिस्तान में कसास और दीयत कानून मोहम्मद जिया-उल-हक़ के वक्त लागू किए गए. पाकिस्तान में कानून को इस्लाम से जोड़ दिया जाता है. इस वजह से कानून में बदलाव नहीं हो पाता है. गैरत के नाम पर पाकिस्तान में कातिल इस वजह से आराम से छूट जाते हैं. पुलिस का कंदील बलोच के मामले में पाकिस्तान पैनल कोड सेक्शन 311 में एफआईआर दर्ज करना काबिले-तारीफ कदम है. कंदील बलोच के पिता मुहम्मद अजीम ने अपने दो बेटों असलम शाहीन और वसीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी. कंदील की मां ने मुफ़्ती कवी पर अपने बेटों को मर्डर के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया है. ये मुफ़्ती कवी वही हैं, जिनकी कंदील के साथ सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी. मुहम्मद अजीम का कहना है, 'कंदील मेरी बेटी नहीं, बेटा थी. मैं ने अपना बेटा गंवाया है. उसने हम सबकी मदद की, उस भाई की भी जिसने उसकी हत्या कर दी.'

एक और मामला: शादीशुदा औरत से मोहब्बत की और मार डाला

पाकिस्तान में कंदील बलोच के बाद गैरत के नाम पर एक और क़त्ल कर दिया गया. इस बार क़त्ल एक नौजवान का हुआ. 24 साल के अल्लाह दित्ता. एक शादीशुदा औरत से मोहब्बत कर बैठे. मोहब्बत पर फैमिली का पहरा बढ़ा तो दोनों घर छोड़ गए. औरत को किसी तरह वापस उसके घर वालों ने बहला-फुसलाकर बुला लिया और अल्लाह दित्ता को 5 लोगों ने बेरहमी से मार डाला. पुलिस के मुताबिक मुजरिमों ने पहले उनके होंठ और नाक को काटा. इसके बाद बाजू काटकर जान से मार डाला. ये कत्ल उस वक्त हुआ जब कंदील बलोच के मारे जाने के बाद लोग 'गैरत के नाम पर क़त्ल' के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं और सख्त कानून बनाए जाने की मांग कर रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement