The Lallantop

10 प्वाइंट में जानिए, नरेंद्र मोदी ने मीटिंग में BJP नेताओं से क्या-क्या बोला है?

'मुस्लिम समाज के बारे में गलत बयानबाजी ना करें'

Advertisement
post-main-image
नरेंद्र मोदी ने मीटिंग में नेताओं से क्या-क्या कहा? (फाइल फोटो-इंडिया टुडे)

मंगलवार, 17 जनवरी को बीजेपी की दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक खत्म हुई. बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने तमाम नेताओं को कुछ बड़ी नसीहतें और सुझाव दिए. गलत बयानबाजी ना करने की सलाह दी. खबर है कि हाल ही में पठान फिल्म को लेकर हुए विवाद पर भी पीएम ने जरूरी बातें कहीं (PM Modi at BJP National Executive Meeting). उन्होंने नेताओं से कहा है कि आने वाले चुनावों के लिए मेहनत में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मीटिंग में सभी राज्यों और केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारी बैठे थे. 10 प्वाइंट में जानिए मीटिंग में क्या क्या बात हो रही थी-

1 - 'मुस्लिम समाज पर गलत बयानबाजी ना करें'

Advertisement

आजतक में छपी रिपोर्ट के मुताबिक़, अपने संबोधन में PM ने पार्टी के नेताओं को मुस्लिम समाज से मेलजोल बढ़ाने और गलत बयानबाजी न करने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि बोहरा, पसमंदा और पढ़े लिखे मुस्लिमों तक भी हमें सरकार की नीतियां लेकर जानी हैं. हमें समाज के सभी अंगों से जुड़ना है और उसे अपने साथ जोड़ना है.

2 - फिल्में बॉयकॉट करने वालों को दी नसीहत

पीएम ने कहा कि हम सारे दिन काम करते हैं और कुछ लोग किसी फ़िल्म पर बयान दे देते हैं, उसके बाद सारे दिन टीवी और मीडिया में वो ही चलता हैं. बेवजह के बयानों से बचना चाहिए.

Advertisement

3 - अलग-अलग जगह जाकर लोगों से मिलें

नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के जीवन का सर्वोत्तम काल आ रहा है. ऐसे में मेहनत मे पीछे ना रहें. अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों से मिलना है. राष्ट्रवाद की अलख हर जगह जलनी चाहिए, ऐसा पीएम मोदी ने कहा.

4 - मेहनत में कोई कमी नहीं

नरेंद्र मोदी ने ये भी कहा कि बीजेपी अब केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं है. इसे सामाजिक आंदोलन में बदलना है. उन्होंने नताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुट जाने को कहा. मेहनत में कोई कमी नहीं आनी चाहिए, ऐसी भी नसीहत नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेताओं को दी.

5 - हर वोटर से मिलना है

पीएम ने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में 400 दिन बचे हैं. ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों और हर एक कार्यकर्ता को एक-एक वोटर से मिलने उनके दरवाजे तक जाना है.

6 - "पिछली सरकार का भ्रष्टाचार बताना है"

पीएम ने बताया कि 18-25 वर्ष से कम आयु के लोगों ने भारत का राजनीतिक इतिहास नहीं देखा है. उन्हें पिछली सरकारों में हुए भ्रष्टाचार और गलत कामों के बारे में पता नहीं है. इसलिए, उन्हें जागरूक करने और उन्हें भाजपा के सुशासन के बारे में बताने की जरूरत है.

7 - धरती बचाओ अभियान

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से हमने बेटी बचाओ अभियान को सफल बनाया उसी प्रकार से धरती बचाओ अभियान भी चलाना होगा. फर्टिलाइजर के ज्यादा इस्तेमाल की वजह से जलवायु परिवर्तन और धरती माता पर पड़ने वाले परिणामों को कम करने की आवश्यकता है.

8 - भाजपा जोड़ो अभियान

पीएम ने कहा कि हमें संवेदनशीलता के साथ सभी को जोड़ना है. ये सिर्फ वोट के लिए नहीं बल्कि लोगों को जोड़ने के लिए करना है. बीजेपी में बड़े पैमाने पर सदस्यता होती है और लोकतांत्रिक तरीके से चयन होता है.

9 - 'सत्ता में खुद को स्थायी ना समझें'

पीएम ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं से कहा कि वो अति आत्मविश्वास के चलते चुनाव हार गए थे. अति आत्मविश्वास से सभी को बचना चाहिए. सभी को मेहनत करने की जरूरत है. ये सोचना कि 'मोदी आएंगे, जीत जाएंगे' इससे काम नहीं चलेगा.

10 - ‘सभी को संवेदनशील होने की जरूरत’

पीएम ने 'अति आत्मविश्वास' की किसी भी भावना के खिलाफ पार्टी को आगाह किया और दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली तत्कालीन कांग्रेस सरकार की अलोकप्रियता के बावजूद 1998 में मध्य प्रदेश में भाजपा की हार का उदाहरण दिया. मोदी तब वहां भाजपा के संगठनात्मक मामलों के प्रमुख थे.

इस साल 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. कौन से 9 राज्य?

छत्तीसगढ़

मध्य प्रदेश

राजस्थान

कर्नाटक

त्रिपुरा

मेघालय 

नागालैंड

मिजोरम

तेलंगाना

साथ में संभावना है कि जम्मू-कश्मीर में भी चुनाव हैं. 

वीडियो: सुर्खियां: पीएम मोदी ने फिल्म पर ऐसा क्या बोला, जो शाहरुख खान की 'पठान' से जोड़कर देखा जाने लगा

Advertisement