The Lallantop

पेट्रोल-डीजल की कीमत देख घबराया पाकिस्तान, प्रधानमंत्री ने स्कूल-दफ्तर सब बंद करवा दिए

Pakistan measures on oil hikes: पाकिस्तानी सरकार का कहना है कि इससे पेट्रोल या डीजल की कम से कम खपत होगी. तेल की खपत कम करने वाले देशों की कतार में बांग्लादेश भी शामिल है.

Advertisement
post-main-image
पाकिस्तानी सरकार ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की छूट दे दी है. (फोटो- ITG)

मिडिल ईस्ट में चल रही जंग का असर अब पूर्वी देशों पर भी पड़ने लगा है. कच्चे तेल का भाव अब 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है. ऐसे में पाकिस्तानी सरकार ने ईंधन बचाने के लिए कुछ बड़े कदम उठाए हैं. बच्चों को स्कूल से छुट्टी और कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम दे दिया है. सरकार का कहना है कि इससे कम से कम पेट्रोल या डीजल की खपत होगी. तेल की खपत कम करने वाले देशों की कतार में बांग्लादेश भी शामिल है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़, सोमवार यानी 9 मार्च को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसी कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने ये ऐलान किया. शहबाज़ शरीफ ने कहा, 

सभी सरकारी कर्मचारियों को अब हफ्ते में केवल 4 दिन दफ्तर आना होगा, इससे तेल की खपत कम होगी. इसमें बैंक के कर्मचारी शामिल नहीं हैं. सभी स्कूल अगले दो हफ्ते तक बंद रहेंगे. सीनियर क्लास के बच्चों की क्लास ऑनलाइन चलेगी, इससे भी फ्यूल की बचत होगी. 

Advertisement

उन्होंने ये भी कहा कि सभी सरकारी दफ्तरों में बहुत ज़रूरी काम को छोड़कर, अन्य सभी कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की छूट दी जाएगी. सरकार ने ये भी कहा कि सरकारी विभागों को फ्यूल में मिलने वाली छूट को अब 50 फीसदी कम कर दिया गया है. 

पाकिस्तान में तेल की कीमत 

रिपोर्ट के मुताबिक़, इस कॉन्फ्रेंस में पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज़ मलिक, विदेश मंत्री इशाक डार और वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगज़ेब भी मौजूद थे. इस दौरान सरकार ने ऐलान किया कि पेट्रोल के दामों में अब 55 पाकिस्तानी रुपये (भारत में 18 रुपये) की बढ़ोतरी की जाएगी. अब नया रेट 321 रुपये प्रति लीटर होगा. स्पीड डीजल के दामों में भी 20 प्रतिशत की हाइक की जा रही है. पहले जिस डीजल की कीमत 280.86 पाकिस्तानी रुपये थी वो अब बढ़कर  335.86 पाकिस्तानी रुपये हो गई है.

बता दें कि मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इज़रायल और ईरान के बीच जंग चल रही है. इससे बाजार में कच्चे तेल की सप्लाई कम होने की आशंका बढ़ गई है. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) के रास्ते से तेल सप्लाई में बाधा आई है. दुनिया का लगभग 20% तेल इसी रास्ते से गुजरता है. इसी रास्ते से पाकिस्तान का भी तेल आता है. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: कच्चा तेल 100 डॉलर के पार, एक्सपर्ट ने बता दिया पेट्रोल-डीजल कब महंगा होगा

बांग्लादेश ने भी लगाई पाबंदी

मिडिल ईस्ट में संघर्ष को देखते हुए पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश ने भी स्कूल और कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है. ईंधन की कमी को देखते हुए सरकार ने 4 बड़े फ़र्टिलाइज़र फैक्ट्री को भी बंद कर दिया है. 

वीडियो: दुनियादारी: अफगानिस्तान- पाकिस्तान में जंग क्यों छिड़ी? पूरी बात जान लीजिए

Advertisement