T20 वर्ल्डकप में इंडिया वेस्टइंडीज से हारी तो श्रीनगर में पटाखे फूटे. NIT श्रीनगर में स्टूडेंटस आपस में भिड़ लिए. फिर लाठीचार्ज. खूनम खच्चर और
अब राजनीति चालू है. लेकिन इन सबसे इतर 11 मार्च को NIT जमशेदपुर के स्टूडेंट्स अमेरिका के टेक्सास में कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने पहुंचे.
स्टूडेंट्स की टीम जब एयरपोर्ट से इंडिया लौट रही थी तो सामान हो गया ज्यादा. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने फाइन लगा दिया. करीब 17 हजार रुपये. पर स्टूडेंट्स ठहरे स्टूडेंट्स. इतने पैसे उन पर थे नहीं. तब काम आते हैं पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन.
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, ये वाकया 16 मार्च का है. टेक्सास के पास डेलस एयरपोर्ट पर NIT जमशेदपुर के स्टूडेंट्स लौट रहे थे. स्टूडेंट्स के पास सामान ज्यादा हो गया. एयरपोर्ट के रूल्स के मुताबिक, तय वजन का सामान ही आप प्लेन से ले जा सकते हैं. ज्यादा होने पर फाइन देना पड़ता है. NIT जमशेदपुर के ऐरोडिजाइनर स्टूडेंट्स की टीम के कैप्टन आदित्य बरनवाल ने कहा, 'हम लोग जब एयरपोर्ट पर फंस गए थे, तब एक पाकिस्तानी बिजनेसमैन अमाद ने हमारी हेल्प की. एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को ज्यादा सामान से दिक्कत थी. उन्होंने हम पर करीब 17 हजार रुपये का फाइन लगाया.'
आदित्य ने बताया, 'हमने एयरपोर्ट अथॉरिटी को समझाया कि हम स्टूडेंट्स हैं. हमारे पास इतने पैसे नहीं हैं. पर वो नहीं माने. तब आखिर में अमाद ने आकर हम लोगों की हेल्प की. हमने अमाद से अकाउंट डिटेल मांगी ताकि हम उनका पैसा लौटा सकें. लेकिन अमाद ने अकाउंट डिटेल नहीं दी. और कहा- इसकी कोई जरूरत नहीं है.'
NIT जमशेदपुर की टीम जिस कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने गई थी, उसमें 75 टीमों का शामिल होना था. NIT जमशेदपुर ने कॉम्पिटिशन में 11वें नंबर पर रही. बता दें कि NIT जमशेदपुर के 23 स्टूडेंट्स ने डेढ़ लाख रुपये में एक प्लेन तैयार कर दिया था.