- भोपाल में एक लड़के ने अपने बड़े भाई को मार डाला. सिर पर हथौड़ी से 6 वार किए. मारने के बाद वह भाई की लाश के साथ नींद की गोली खाकर रात भर सोता रहा. आरोपी ने कहा कि उसने टीवी सीरियल 'क्राइम पेट्रोल' देखकर पूरी वारदात को प्लान किया था.
- कानपुर का एक व्यापारी अमनप्रीत अपनी पत्नी हरप्रीत को मार देना चाहता था. क्योंकि वो मोटी थी. हरप्रीत ने बताया कि अमनप्रीत ने कई घंटों तक 'सावधान इंडिया' देखता रहा और फिर उसने हरप्रीत पर चाकू से कई वार किए. वो पूरी साजिश सावधान इंडिया देखकर रच रहा था. हरप्रीत ने बताया कि उसका पति उसे दहेज के लिए भी परेशान करता था.
- दिल्ली में वकालत के छात्र रजत ने अपने बुजुर्ग नाना-नानी के घर लूट की साजिश रची. रजत सावधान इंडिया व क्राइम पेट्रोल देखता था. उसने दोस्त ऋषभ को भी लूट की रकम में हिस्सा देने का वादा कर अपनी साजिश में शामिल किया. उसने 90 साल के अपने नाना को दबोच लिया. नाना के शोर मचाने पर लोग पहुंच गए और आरोपी पकड़ा गया.
हमारे बचपन में टीवी पर शक्तिमान आता था. जो संडे के दिन भी हमें 12 बजे से पहले नहा-धोकर तैयार होने के लिए प्रेरित करता था. उससे भी कई धुरंधरों ने गोल-गोल घूमकर 'उड़ना' सीख लिया था. सीखते-सीखते कई ने ऊपर ही ठिकाना खोज लिया. अब कुछ धुरंधर दूसरों को ही ऊपर भेजे दे रहे हैं. सीरियलों को इतना सीरियसली लेते ही क्यों हो भाई. अब तो कई मां-बाप नज़र भी रखते हैं कि उनके बच्चे टीवी या इंटरनेट पर क्या देख रहे हैं. हम जो देखते, पढ़ते, सुनते हैं, उसका असर पड़ता है. गुस्सा, नाराज़गी, जलन होना स्वाभाविक है. लेकिन वहशियत तक पहुंच जाना आम नहीं. ध्यान दो. कुछ भी न सोच लिया करो.






















