The Lallantop

कोरोना के जिस वेरिएंट ने चीन में तबाही मचाई वो भारत में घुस चुका है

गुजरात में दो केस मिले हैं.

Advertisement
post-main-image
गुजरात में ओमिक्रोन BF.7 के दो केस! (फोटो-आजतक)

चीन में तबाही मचा रहे कोरोना वायरस के BF.7 सब-वेरिएंट के भारत में मौजूद होने की आशंका बढ़ गई है. गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर ने संकेत दिए हैं कि दो पॉजिटिव मामलों में ओमिक्रोन का सब-वेरिएंट BF. 7 मिला है (Gujarat Omicron BF.7 Variant). ये वही वेरिएंट है जिसने चीन में तांडव मचा रखा है. ये दोनों मामले अहमदाबाद और वडोदरा के हैं. रिपोर्ट से संकेत मिला है कि एक मामला हाल ही का है जबकि दूसरा थोड़ा पुराना है. हालांकि राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दावा किया है कि किसी भी मरीज में कोई गंभीर लक्षण नहीं दिखा है.

Advertisement

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रिसर्च सेंटर ने दो लोगों में मिले कोरोना वायरस की जीनोम सिक्वेंसिंग की जांच की थी. उसी डेटा से BF. 7 वेरिएंट होने के संकेत मिले हैं.

बता दें कि अक्टूबर के महीने में चीन में दो नए और खतरनाक वेरिएंट BF.7 और B.1.2.7 मिले थे. कुछ दिन बाद गुजरात बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर ने देश में इसके पहले केस का पता लगाया था. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और बेल्जियम में भी इस नए वेरिएंट के मामले सामने आ चुके हैं.

Advertisement
BF.7 सब-वेरिएंट के लक्षण क्या हैं?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार BA.5 की तुलना में BF.7 करीब 18 प्रतिशत ज्यादा तेजी से फैल रहा है. डॉक्टर्स का कहना है कि नया सब-वेरिएंट फुल वैक्सीनेट और अच्छी इम्यूनिटी वाले लोगों को भी चपेट में ले सकता है. राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार ग्रुप (NTAGI) में वैक्सीनेशन के चेयरमैन डॉ एनके अरोड़ा के मुताबिक बदन दर्द इसका मुख्य लक्षण है. अगर किसी को लंबे समय से शरीर में दर्द हो रहा है तो उसे कोविड टेस्ट कराने की जरूरत होगी. इसके अलावा, गले में खराश, थकान, कफ और बहती नाक भी इस सब वेरिएंट के लक्षण हो सकते हैं.

सब-वेरिएंट ओमिक्रोन से कितना खतरनाक?

केरल में कोविड एक्सपर्ट डॉक्टर राजीव जयदेवन ने नए सब-वेरिएंट पर जानकारी देते हुए इंडिया टुडे को बताया-

ये वेरिएंट वैक्सीन को मात दे सकते हैं. साथ ही संक्रमण के बाद शरीर के नए इम्यूनिटी सिस्टम को भी भेद सकते हैं. हालांकि इसके ओमिक्रोन से अधिक गंभीर होने के कोई संकेत नहीं मिले हैं. कभी कभार कुछ बुजुर्ग, अस्वस्थ और वैक्सीन ना लगे लोगों को निमोनिया हो सकता है. ज्यादा चिंता इस बात की है कि कभी भी एक नया वेरिएंट आ सकता है जिसके बारे में हमें कोई आइडिया नहीं है.

Advertisement

चीन की राजधानी बीजिंग में बुधवार, 20 दिसंबर को कोरोना वायरस की वजह से पांच और मौतों की खबर सामने आई है. हालांकि ट्विटर पर वायरल हो रहे वीडियोज में दावा किया जा रहा है कि वहां कोविड मरीजों और मरने वालों की संख्या इससे बहुत ज्यादा है. कुछ समय पहले वहां की सरकार ने जीरो कोविड पॉलिसी में छूट दी थी. कहा जा रहा है कि उसके बाद से ही चीन में कोरोना के केस बढ़े हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन में बढ़ते कोविड मामलों की वजह से अस्पतालों में अफरा तफरी का माहौल है. कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें अस्पतालों की खराब हालत और मुर्दाघरों में भीड़ देखी जा सकती है. हालांकि, इन वीडियोज को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

बीबीसी के मुताबिक, एक शीर्ष चीनी स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है-

मेरा मानना ​​है कि चीन इस सर्दी में कोविड संक्रमण की तीन संभावित लहरों में से पहली लहर का सामना कर रहा है.

कई स्वास्थ्य जानकारों अंदाजा है कि कोरोना वायरस चीन की स्वास्थ्य प्रणाली को गंभीर नुकसान पहुंचा रहा है.

वीडियो: चीन में तड़पते कोरोना मरीज, अंतिम संस्कार की लाइनें देख पूरी दुनिया में हंगामा?

Advertisement