घटना
ये वीडियो अज़रबैजान के बाकू शहर का है. यहां पर हाईवे पर एक एक्सीडेंट हो गया. एक ‘लाडा’ कार को पीछे से ‘वोल्गा’ कार ने टक्कर मार दी. टक्कर से अगली कार की सेंट्रल लॉकिंग जाम हो गई. अंदर के लोग अंदर ही फंसे रह गए. ये वीडियो घटना के तुरंत बाद का है. जैसे ही एक्सीडेंट हुआ, कुछ लोग पैसेंजर्स को बचाने पहुंचते हैं. एक हट्टा-कट्टा आदमी कार का दरवाज़ा खोलने की कोशिश करता है. तभी कार के पीछे की तरफ ज़बरदस्त विस्फोट होता है. आग का एक गोला सा लपकता है. सब भाग जाते हैं.
लेकिन एक अंकल फिर कार के पास लौटते हैं. कार का दरवाज़ा खोलने की कोशिश करते हैं. नाकामयाब रहने पर शीशे पर फुल फ़िल्मी स्टाइल में ज़ोरदार किक मारते हैं. एक ही किक में शीशा चकनाचूर हो जाता है. वो ड्राईवर को खिड़की से बाहर खींचने लगते हैं. उनकी हिम्मत देख कर और लोग भी करीब आते हैं और उनका हाथ बंटाते हैं. एक आदमी उनके साथ मिलके ड्राईवर को बाहर खींचता है. दूसरा पैसेंजर सीट को पत्थर मार-मार कर तोड़ता है. वहां फंसे आदमी को बाहर निकालता है.
जैसे ही अगली कार का ड्राईवर सही-सलामत बाहर आ जाता है, अंकल पिछली कार की तरफ लपकते हैं. उस कार के बेहोश ड्राईवर को निकालकर कार से दूर ले जाते हैं.ये वीडियो वायरल होते ही इन बुज़ुर्गवार की पूरे इंटरनेट पर भरपूर तारीफ़ हो रही है. लोग इनकी तुरंत एक्ट करने की समझदारी के कायल हो गए हैं. और हिम्मत को भी सलाम कर रहे हैं. एक नौजवान तक जिस सिचुएशन में घबरा जाए, वहां इन्होने ना सिर्फ अपना दिमाग कूल रखा बल्कि तेज़ी से फैसले लिए. एक सलाम तो इनको बनता है. देखिए इस घटना का पूरा वीडियो:
ये भी पढ़ें:
‘अकेली खड़ी हूं तो ज़बरदस्ती फोटो खींच लोगे मेरी? मैं क्या इंडिया गेट हूं?’




















