देश की राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत उत्तर भारत के राज्यों में एक बार फिर ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. शीतलहर के साथ घने कोहरे का अटैक भी लोगों को परेशान कर सकता है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में ठंड को लेकर 6 दिन का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले 3 दिन भीषण ठंड रहेगी और फिर 3 दिन पूरे उत्तर भारत में घना कोहरा छाया रहेगा. ऐसी ठंड जिसके आगे हिमाचल और कश्मीर की ठंड भी कम लगने लगेगी! इसके बाद आएगा गुरुवार, 19 जनवरी. इस दिन से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी.
इतनी ठंड! अगले 3 दिन तक जेब में हाथ डालकर घूमेंगे, दिल्ली में बस पानी जमने की देर है!
अगले 6 दिन के मौसम पर आया बड़ा अलर्ट


साल 2023 में उत्तर भारत में गिरता पारा नए नए रिकॉर्ड बना रहा है. ठंड का सबसे ज्यादा कहर बरपा है. इतनी ठंड की कानपुर में ठंड से पड़े हार्ट अटैक के चलते एक हफ्ते के अंदर 98 लोगों की मौत हो गई. आज यानी सोमवार, 16 जनवरी के मौसम की बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड पर 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आजतक से जुड़े कुमार कुणाल के मुताबिक देश की राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप खिल रही है. IMD ने दिल्ली में लगातार तीन दिन 3 डिग्री का टॉर्चर और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के वैज्ञानिक महेश पलावत ने जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों पर दो दिन से बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे तापमान में गिरावट आ रही है. महेश पलावत का कहना है कि शीतलहर के दौरान तापमान 3 डिग्री के आस-पास रहेगा. हो सकता है कि कुछ जगहों पर दो डिग्री तक पहुंच जाए. वहीं, 19 और 20 जनवरी से हवा में नमी आएगी, और तब ठंड से राहत मिलने की संभावना है.
वीडियो: दिल्ली में भयंकर सर्दी लेकिन बर्फबारी क्यों नहीं होती?





















