The Lallantop

आया है पहला संस्कारी रैपर, शायद उतना ही खतरनाक जितना हनी सिंह

नाचना दिव्य चीज़ है. लेकिन जिन पंक्तियों पर नाचो उनके मायने संभलकर प्लीज़!

Advertisement
post-main-image
इस गाने के वीडियो में नजर आ रहे हैं सिंगर-परफॉर्मर श्रेय खन्ना.
बीते कुछ वर्षों में पंजाबी रैपर्स ने हमारे जीवन के सब सेलिब्रेशन हाइजैक कर लिए. पार्टी करने को उन्होंने मस्ट बना दिया. फिर सुबह चार बजे घर जाने का टाइम होता तो उन्होंने कहा, अभी तो पार्टी शुरू हुई है. उन्होंने खुलकर हमें कहा दारू पिओ. उन्होंने हेकड़ी मारी, चार बोतल वोदका काम मेरा रोज का, ना मुझको कोई रोके ना किसी ने टोका. उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी यूं ही चालेगी गा* में दम है तो बंद करवा लो.
जाहिर बात है कि खुशी इन सब चीजों के बिना भी हमारी सभ्यता ने हजारों सालों से सेलिब्रेट की है. यहां तक कि जब से सृष्टि बनी है तब से. जब हम कपड़े नहीं पहनते थे तब से. ये पार्टी सॉन्ग दरअसल पार्टी कल्चर के इर्द-गिर्द करोड़ों रूपये से ज्यादा के कारोबार को खड़ा करने के औजार रहे हैं. यंग लोग नाचने और मस्ती करने में ही बिजी रहे और इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया. धीरे-धीरे इतने पार्टी सॉन्ग फिल्मों में भी ठूंसे गए कि हमारा अंत ले लिया.
इस बीच एक बड़ा अप्रभावी सा वीडियो सॉन्ग आया है जिसमें कुछ खास नहीं है लेकिन ये खास है कि इसमें उन सब स्टीरियोटाइप्स के उलट पार्टी सॉन्ग खड़ा किया गया है जिन्होंने सेलिब्रेशन को कंज्यूमरिस्ट बना दिया था. इस गाने में परफॉर्मर पार्टी फ्रूट जूस के साथ करता है. उसकी कई सारी विशेषताएं हैं.
कह सकते हैं कि वो पहला संस्कारी रैपर है. उसके इस गाने के बोल हैंः
हाथ में दारू नहीं जूस का ग्लास बंदा हूं मैं सीधा साधा इतनी सी बात बंदी पटी थी इन टेंथ क्लास उसके बाद सब बकवास
सोचा था ऐसा गाना बनाऊंगा दारू और बंदी बीच में न लाऊंगा ब्रेकअप पार्टी पे सबको बुलाऊंगा दारू और चिकन नहीं मंगवाऊंगा
आज कल स्वाइप से बनते हैं रिश्ते शादीशुदा भी हैं टिंडर पे दिखते फेसबुक पे स्टेटस बड़े प्यारे प्यारे लिखते मुझे तो आप में रब हैं दिखते
ये रैपर हैं श्रेय खन्ना. उन्होंने  2013 में स्टार प्लस का रिएलिटी शो 'इंडियाज डांसिंग स्टार' जीता. डायरेक्टर रेमो डिसूजा की फिल्म 'एबीसीडी' में भी नजर आए. फिर टी-सीरीज ने उन्हें लेकर 2015 में 'नखरा वखरा' सिंगल लॉन्च किया. इसमें श्रेय ही सिंगर और परफॉर्मर थे. अब इनका सिंगल 'हाथ में दारू नहीं' आया है लेकिन इससे पहले ये अति-भौतिकतावादी गाने बनाने वाले हनी सिंह के लाइव शो भी कोरियोग्राफ कर चुके हैं.
singer-twitter
श्रेय खन्ना

संस्कारी रैपः दारू नहीं पीना, नॉन-वेज नहीं खाना

इस नए सिंगल की सबसे कमजोर बात वही है जो इसका अट्रैक्शन है. ये एेसा पार्टी सॉन्ग है जो कंज्यूमरिस्ट नहीं है लेकिन ये संस्कारों का ठप्पा प्रमोट करता है जो दकियानूसी है. सीधी भाषा में कहें तो दारू पीना कोई बुरी बात नहीं है. नॉन-वेज खाना भी बुरा नहीं है. तो आप ये सब करके भले नहीं हो जाते.
इसके अलावा इस सिंगल में हीरो खुद को बाल-ब्रह्मचारी भी कहता है. तो जो ब्रह्मचारी नहीं हैं और कामेच्छाओं वाले हैं वे बुरे नहीं हो जाते.
पॉजिटिव यही है कि पार्टी सॉन्ग्स के स्टीरियोटाइप्स तोड़ने जरूरी थे जो श्रेय का सिंगल करता है. क्योंकि हनी सिंह और उनसे प्रेरणा लेकर कुकुरमुत्तों की तरह उगे रैपर्स ने कुछ भी गाया. कभी नहीं सोचा क्या गा रहे हैं और वे उसी समाज में रहते हैं जिस पर इसका बुरा असर हो सकता है. ध्यान रहे, हनी सिंह वही हैं जिन पर 'बलात्कारी' गाना गाने का आरोप लगा था. एेसा एक गाना इंटरनेट पर वायरल हुआ था जिसमें बलात्कार को ग्लैमराइज़ किया गया था. बाद में कोर्ट में केस भी हुआ.
हनी के एक से बढ़कर एक गाने रहे हैं.
जैसे कि ये रैप जो शाब्दिक रेप से कम नहीं हैः
बस कर ये जलवे न दिखा, ये सब तो मैं देख चुका,  तुझ जैसी तो पट जाती हैं फिर दुर्घटना घट जाती है.
अब यहां सामने वाली युवती नहीं रह जाती है, चीज बन जाती है. यूज़ एंड थ्रो वाली कोई निर्जीव वस्तु. टिश्यू पेपर. ये गाना 2012 में 'हाई हील्स' नाम से आया था. हर पार्टी में लूप में रहता था. हैरत तो इस बात की थी कि लड़कियां भी बिना इन पंक्तियों का अर्थ जाने नाचती थीं.
1

एक ये गाना देखें. ये गाना पुराने ज़माने की विधवा प्रथा की याद दिलाता सा लगता है. जब कोई औरत विधवा हो जाती तो साल भर उसे कमरे से बाहर  निकलने की अनुमति नहीं थी. पूरी जिंदगी उसे सफेद या काले रंग के कपड़े पहनने होते थे. उसे मनोरंजन, हंसने-खेलने, सजने की इजाजत नहीं थी. चाहे वो बाल उम्र में ही विधवा हो गई हो. मरने तक उसकी जिदंगी मर जाती थी. इस गाने में हनी सिंह रैप में कहते हैंः

Advertisement

सज धज तू कहां को चलदी, कल ही हुआ तेरा ब्रेक अप

3

Advertisement

आगे वो ये भी कहते हैं कि तुम्हारा ब्रेकअप हुआ है तो तुमको मेकअप बंद कर देना चाहिए. क्योंकि ब्रेकअप और मेकअप व्युत्क्रमानुपाती होते हैं इनके मुताबिक!

2014 में रिलीज हुई फिल्म 'रागिनी एमएमएस-2' में उन्होंने 'चार बोतल वोदका, काम मेरा रोज़ का' गाया. इससे एक साल पहले आई 'बॉस' में अक्षय कुमार ने उनके स्वरों पर चिल्ला-चिल्ला कर गाया था, 'गां* में दम है तो बंद करवा लो.'
पार्टी करके और पार्टियों में ड्रग्स करने की लाइफ प्रमोट करते-करते हनी सिंह खुद भी वहां पहुंचे जहां हजारों और पहुंचे. शराबनोशी ने उन्हें पुनर्वास केंद्र पहुंचा दिया था. वे 18 महीने बीमार रहे. इनकी गैर-मौजूदगी में बादशाह ने छिछले और बचकाने लिरिक्स वाले रैप्स का जिम्मा लिया. बॉलीवुड फिल्मों को पार्टी सॉन्ग्स की जरूरत थी और पब्स, बार और डिस्कोथेक्स में लाखों की संख्या में युवा जनता नए गानों के इंतजार में थी तो जो भी बादशाह ने बनाया, वो चला. 
अब संस्कारी रैपर बालक आया है. ये श्रोताओं को धरती के दूसरे ध्रुव की ओर ले जाना चाहता है. वो भी सेफ नहीं है. सुनने वाले संभल के. सुनों तो संभल के, फिर ही नाचो और झूमो.
https://www.youtube.com/watch?v=5paHuyRYgq0


ये भी पढ़ेंः

दारू हनी सिंह को बर्बाद कर चुकी होती, लेकिन...

लंबी-चौड़ी औरतों से लोग डरते क्यों हैं?

क्योंकि एक्ट्रेस कलाकार होती हैं, महज शरीर नहीं

तो क्या सोनारिका को बीच पर 'पार्वती' अवतार में जाना चाहिए?

Advertisement
Advertisement