मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की पुलिस पियक्कड़ों से बहुत परेशान है. आप इंसान समझ रहे हैं तो गलत समझ रहे हैं. छिंदवाड़ा के सिटी कोतवाली की पुलिस शराबी चूहों से तंग है. इन्हें शराब की ऐसी लत लग चुकी है कि थाने में रखी शराब की दर्जनों बोतलें गटक चुके हैं. खबरों के मुताबिक चूहों ने पी-पीकर 60 से ज्यादा बोतलें खाली कर दी हैं. अब पुलिस ने इन चूहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चूहे को गिरफ्तार किया है.
मध्यप्रदेश: थाने में रखी शराब पीकर पियक्कड़ बने चूहे, दर्जनों बोतलें गटक गए, एक की गिरफ्तारी
चूहों ने पी-पीकर 60 से ज्यादा बोतलें खाली कर दी हैं. अब पुलिस ने इन चूहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक चूहे को गिरफ्तार किया है.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दरअसल पुलिस थाने का माल खाना (वो जगह जहां जब्त किया हुआ माल रखा जाता है) कच्ची बिल्डिंग में है. इस कारण यहां चूहों का भारी आतंक है. कोतवाली थाने के TI उमेश गोल्हानी ने इस बारे में बताया,
"ये नई बात नहीं है कि चूहे शराब की बोतलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. कई लोग व्यंग्य के रूप में कहते हैं कि चूहे शराब पी रहे हैं. ऐसा हो रहा है. हमारे मालखाने में भी ऐसी घटना देखी गई है. हमारी थाना बिल्डिंग पुरानी है और चूहों ने यहां-वहां से आने के रास्ते बना रखे हैं."
ये भी पढ़ें- होमवर्क नहीं किया तो स्कूल से भागा, फिर अपनी किडनैपिंग की कहानी बनाई
TI गोल्हानी ने आगे कहा,
"जो चीजें जब्त की जाती हैं, उन्हें मालखाने में रखा जाता है. खासकर शराब ज्यादा मात्रा में जब्त की जाती है तो उसे वैसे ही मालखाने में रख दिया जाता है. वो कार्टून और प्लास्टिक बोतलों में रहती है. एक मामले में हमें उन शराब की बोतलों को अदालत में पेश करना था. जब उन्हें ले जाने के लिए देखा गया तो पता चला कि कुछ बोतलों से शराब बह गई है."
कोतवाली थाने के TI गोल्हानी ने ये भी बताया कि करीब 60 से 65 बोतलों से शराब बह गई थी. उन्हें साफ कर अदालत में पेश किया गया. इसके बाद चूहों को पकड़ने के लिए पिंजरे लाए गए. इसमें एक चूहा कैद भी हुआ है. पुलिस का कहना है कि वे चूहों से बहुत परेशान हैं. साथ ही मालखाने को किसी और जगह शिफ्ट करने की बात भी हो रही है.
ये भी पढ़ें- सीएम हाउस की सुरक्षा के लिए छिंदवाड़ा से लाया गया कुत्ता
इसके अलावा TI गोल्हानी ने बताया कि चूहे मालखाने में रखी चीजों को नुकसान पहुंचाते रहते हैं. वे कई बार जरूरी दस्तावेज भी कुतर जाते हैं. ऐसे में बहुत दिक्कत जाती है. इससे बचने के लिए उन्होंने दस्तावेजों को सबसे ऊपर रखना शुरू कर दिया है. चूहे गांजे की बोरियां भी फाड़ देते हैं. इससे बचने के लिए जब्त किए हुए गांजे को लोहे के बॉक्स में रखना शुरू किया है.
वीडियो: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस का ये कार्यकर्ता उनसे खफा क्यों है?






















