The Lallantop

अब 'मिर्ज़ापुर' पर तांडव हो गया, सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस भेज दिया

साथ ही यूपी पुलिस की एक और टीम 'मिर्ज़ापुर' बनाने वालों की फ़िराक में मुंबई पहुंच गई.

Advertisement
post-main-image
'तांडव' से सुलझे नहीं थे कि 'मिर्ज़ापुर' पर भी आफ़त आन पड़ी. फोटो - ट्विटर
अमेज़न प्राइम इंडिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. 14 जनवरी को रिलीज़ हुए ‘तांडव’ को लोग बैन करवाने पर तुले हैं. कहीं FIR दर्ज हो रही है, तो कहीं लीगल नोटिस भेजे जा रहे हैं. ‘तांडव’ से अभी पूरी राहत मिली भी नहीं थी कि नया बखेड़ा खड़ा हो गया. इस बार ‘मिर्ज़ापुर’ शो पर. आज सुप्रीम कोर्ट ने शो के मेकर्स, प्रोड्यूसर्स और अमेज़न प्राइम वीडियो को नोटिस भेजा है. दरअसल, ये कार्रवाई एक पिटिशन फाइल करने के बाद की गई. जिसके अनुसार शो यूपी के मिर्ज़ापुर की गलत छवि दिखा रहा है. सुप्रीम कोर्ट ने इसी सिलसिले में शो के मेकर्स और प्लेटफॉर्म से जवाब मांगा है. पिटिशन फाइल करने वाले एसके कुमार के मुताबिक शो ऐसे दिखाता है जैसे मिर्ज़ापुर सारे अवैध और गलत धंधों का अड्डा हो. एसके कुमार ने OTT कंटेंट को रेगुलेट करने की अपील भी की. बीते रविवार मिर्ज़ापुर जनपद के चिलबिलिया के रहने वाले अरविंद चतुर्वेदी ने शो के मेकर्स के खिलाफ FIR दर्ज करवाई. आरोप लगाया कि ‘मिर्ज़ापुर’ उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करता है. अपनी FIR में अरविंद ने ये भी कहा था कि शो उनके जिले की छवि भी धूमिल कर रहा है. NDTV में छपी एक रिपोर्ट की माने तो अब इसी FIR की जांच करने यूपी पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है. बता दें कि इससे पहले यूपी पुलिस की एक और टीम कल मुंबई पहुंची थी. लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में ‘तांडव’ के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी. FIR में शामिल सभी लोगों से पूछताछ करने के लिए ये टीम मुंबई पहुंची. ‘तांडव’ पर भी धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगा था. जिसके बाद पहले तो मेकर्स ने माफी मांगी, फिर विवादित सीन हटाने का फ़ैसला लिया. ‘मिर्ज़ापुर’ पर भी पहली बार बवाल नहीं हो रहा. मिर्ज़ापुर की सांसद अनुप्रिया पटेल ने भी शो पर सवाल खड़े किए थे. इसपर मिर्ज़ापुर की छवि खराब करने का आरोप लगाया था. अभी तो आलम ये है कि सुप्रीम कोर्ट के नोटिस वाली खबर आने के बाद से ही #Mirzapur ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement