14 फरवरी 2019. वेलेंटाइन डे. प्रेम का पर्व. दुनिया के अधिकांश हिस्सों में इस दिन लोग अपने प्यार का इजहार कर रहे थे. इस दिन दिल्ली में कुछ ऐसा हुआ जो बिल्कुल सामान्य नहीं था. लेकिन हुआ क्या. इसका खुलासा होने में एक महीने लग गए. उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में 38 साल की एक महिला पर आरोप है कि उसने 63 साल के पति की बेरहमी से हत्या कर दी. शव के 8 टुकड़े किए. सिर को प्लास्टिक में लपेटा और घर से दूर एक नाले में फेंक आई. किराए के घर में रह रही महिला ने फर्श खोदा और शव के टुकड़ों को उसमें दफना दिया. इसके बाद फर्श को फिर से बालू-गिड्डी का मसाला बना ढक दिया.
मामला है क्या
2006 में 25 साल की सुनीता की शादी अपनी उम्र से दोगुने 50 साल के राजेश से हुई थी. शादी के अगले साल सुनीता को बेटा हुआ. 10-12 सालों तक दोनों की जिंदगी अन्य कपल की तरह चल रही थी. एक साल पहले दोनों नए घर में शिफ्ट हुए. यहीं से रिश्ते में खटास आनी शुरू हो गई. राजेश को शक होने लगा कि उसकी पत्नी का पड़ोस में रहने वाले युवक से अवैध संबंध है. कथित तौर पर राजेश ने अपनी पत्नी को युवक के साथ रंगेहाथ पकड़ा भी था. यहीं से दोनों के रिश्ते खराब होने लगे. सुनीता अपने 63 साल के पति से तलाक चाहती थी, लेकिन राजेश तैयार नहीं था. इस रिश्ते से सुनीता किसी तरह निकलना चाहती थी, लेकिन उसे कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था. अंत में उसने क्राइम का रास्ता चुना और पति की हत्या का प्लान बनाया.
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
14 फरवरी के दिन जब पूरा देश पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों की वजह से दुखी था. घायल सैनिकों की सलामती के लिए दुआ मांग रहा था. सुनीता ने अपने बेटे को दोस्त के घर भेज दिया. इसके बाद पति को नशीला ड्रिंक दिया. जैसे ही राजेश बेहोश हुआ सुनीता ने उसका गला दबा दिया. इसने बाद चाकू से तब तक हमले किए जब तक राजेश की मौत नहीं हो गई. अपराध छिपाने के लिए उसने राजेश के शव के 8 टुकड़े किए. घर की फर्श तोड़ी उसमें गड्ढे किए और शव को दफना दिया. लेकिन सुनीता ने सिर को गड्ढे में गाड़ने की बजाय एक प्लास्टिक में लपेटा और घर से दूर एक नाले में फेंक आई. इतना ही नहीं पैरों को भी प्लास्टिक में लपेटा और कहीं और फेंक आई. जिससे पता न चल पाए कि शव किसका था. सुनीता घर लौटी. खुद को साफ किया और फर्श को बालू और गिट्टी से ढक दिया.
क्या कहा सुनीता ने-
एक साल से पति राजेश से मेरा कोई संबंध नहीं था. हमारी बातचीत भी बंद थी. मैं तलाक चाहती थी. मैंने इसके लिए अपने एक दोस्त से मदद मांगी.इससे राजेश गुस्सा हो गए वह तलाक नहीं चाहते थे. उन्होंने मेरे साथ मारपीट की. कुछ दिन पहले मेरी मां आई थी. ये बात राजेश को पसंद नहीं आई. उसने मेरी मां को चले जाने को कहा और खुद ही स्टेशन छोड़ने गया. लेकिन मेरी मां कभी गांव नहीं पहुंची. मुझे शक था कि मेरी मां की हत्या राजेश ने की है. इसके बाद मैंने राजेश को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
खुलासा कैसे हुआ
पति के शव को ठिकाने लगाने के बाद सुनीता पुलिस थाने गई और राजेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. राजेश के अचानक गायब होने से पड़ोसियों को हैरानी हुई. कुछ दिनों तक राजेश की गुमशुदगी की चर्चा चलती रही , लेकिन समय के साथ बंद हो गई. एक दिन मकान मालिक सुनीत के यहां पहुंचा. उसने देखा कि फर्श पर चिप्पी लगी हुई है. उसने सुनीता से इसका कारण पूछा लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई. इसके बाद मकान मालिक को शक हुआ. उसने फर्श खोदा इसी दौरान उसे किसी आदमी की अंगुली दिखाई दी. जैसे-जैसे वह खुदाई करता गया शव के अन्य टुकड़े निकलते गए. मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी. एसएचओ अजय सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेसिंक टीम भी मौके पर पहुंची और सैंपल कलेक्ट किया. पुलिस सुनीता को थाने ले आई और उससे पूछताछ शुरू की गई. कड़ाई से पूछताछ के बाद सुनीता ने सच उगल दिया.
नाबालिग बच्चियों को धर्म परिवर्तन पर भारत के दबाव के बाद इमरान खान ने कार्रवाई की बात की है