एक शख्स ने थाने के अंदर, पुलिस के सामने अपनी सास और बेटे को छुरा घोंप दिया. ये जानकारी पुलिस ने दी है. घटना पुणे के हडपसर पुलिस थाने की है. आरोप है कि शख्स पहले सास के पैर छूने के लिए झुका फिर उन्हें छुरा घोंपा (Man Stabbed Son Mother in Law Pune). सास की गोद में ही उसका चार साल का बच्चा भी था. आरोपी ने उसे भी नहीं छोड़ा. दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. आरोपी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है.
पुलिस थाने में बोला - "कोई झगड़ा नहीं", फिर सामने बैठी सास के पैर छूए, जेब से चाकू निकाला, और...
पुलिस थाने के अंदर जो हुआ, उसे देखकर सब दंग रह गए!


इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी का नाम मंगेश महादा तारे है. उम्र 30 साल. वो वडगांव शेरी का रहने वाला है और पुणे की एक IT कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है.
घरेलू हिंसा का आरोपशनिवार, 11 फरवरी को मंगेश की पत्नी पूजा अपने माता-पिता और बेटे के साथ पुलिस थाने गई थी. पति मंगेश के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराने. पुलिस के मुताबिक, जब मंगेश को पता चला कि उसकी पत्नी और सास-ससुर पुलिस स्टेशन में हैं तो वो थाने आया. उसने पुलिस के सामने दावा किया कि उसके और उसकी पत्नी के बीच कोई विवाद नहीं है. कथित तौर पर माफी भी मांगी.
इसी बीच वो पैर छूने के बहाने अपनी सास के पास के गया. सास की गोद में ही उसका 4 साल का बेटा विराज भी था. आरोप है कि तभी मंगेश ने अपनी जैकेट में छिपाया हुआ चाकू निकाला और अपनी सास को घोंप दिया. उसने अपने बेटे को भी नहीं छोड़ा. पुलिस ने तुरंत उसे पकड़ा और दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. खबर है कि बच्चे और बुजुर्ग महिला के चेहरे पर घाव हुए हैं.
पुलिस ने बताया कि मंगेश के खिलाफ हत्या की कोशिश और कई अन्य आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी को रविवार, 12 फरवरी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया था जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. आगे की कार्रवाई जारी है.
वीडियो: 7 साल पहले परिवार ने शव पहचाना, मर्डर केस में लड़का जेल भी गया, अब लड़की ज़िंदा निकली!






















