महाराष्ट्र के वाशिम ज़िले के अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें कथित तौर पर एक मेडिकल ऑफिसर ऑन ड्यूटी नशे में धुत दिख रहा है. उससे ना बोला जा रहा है और ना चला जा रहा है. बाद में लोग उसे व्हील चेयर पर बैठाकर ले गए.
अस्पताल का मेडिकल ऑफिसर नशे में इतना धुत, व्हील चेयर पर ले जाना पड़ा, वीडियो वायरल
महाराष्ट्र के वाशिम स्थित सरकारी अस्पताल का मामला. वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल ऑफिसर को कार्यमुक्त किया गया.

आजतक से जुड़े ज़का खान की रिपोर्ट के मुताबिक़ वायरल वीडियो वाशिम ज़िले के कारंजा शहर का है. यहां 24 दिसंबर को सब-ड्रिस्ट्रिक्ट अस्पताल में महेश राठौर नाम के मेडिकल ऑफिसर की इमरजेंसी ड्यूटी लगाई हुई थी. लेकिन वो कथित तौर पर नशे में थे. रिपोर्ट के मुताबिक़ उस समय अस्पताल में एक बच्चे का इलाज़ चल रहा था. और मेडिकल ऑफिसर बच्चे की बगल में ही बैठे थे. अस्पताल की वार्ड इंचार्ज महेश को घर जाने के लिए कहती है, तब उनकी आंखें बंद रहती हैं. किसी ने उसी समय उनका वीडियो बनाया.
ये भी पढ़ें: लड़कियों का स्कूल, हेडमास्टर शराब के नशे में धुत होकर पहुंचे, लड़खड़ाए फिर...
वीडियो में महेश उठते हैं. अपने चारों तरफ़ देखते हैं. कुछ बोलने की कोशिश करते हैं. लेकिन बोल नहीं पाते हैं. उठने की कोशिश करते हैं. लेकिन उठ नहीं पाते हैं. बाद में अस्पताल के कर्मचारियों ने उनको उठाकर व्हील चेयर पर बैठाया और अस्पताल के बेड पर लिटा दिया.
आजतक से बातचीत करते हुए प्रभारी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर महेश लहाने ने बताया कि शाम को 6-6:30 के बीच अस्पताल से फ़ोन आया की ऑन ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर नशे में है. वो अस्पताल पहुंचे. घटना की जानकारी ली. बाद में अपने वरिष्ठों को इसकी जानकारी दी. फिर सभी ने मिलकर डेप्यूटी डायरेक्टर अकोला से बातचीत की. और उनके आदेश पर मेडिकल ऑफिसर को 25 दिसंबर को कार्यमुक्त किया गया.
उन्होंने बताया कि अब मेडिकल ऑफिसर डेप्यूटी डायरेक्टर अकोला के पास हैं. वही आगे की जांच करेंगे.
ये भी पढ़ें: जब नशे में धुत महेश भट्ट को अरबाज़ और सलमान खान को घर छोड़ने जाना पड़ा
वीडियो: नशे में धुत आदमी ने छत्तीसगढ़ चुनाव पर दावा किया, रोते हुए बूढ़ी मां ने सच बता दिया













