उत्तर प्रदेश में लखनऊ के एक स्कूल में नौ साल की बच्ची की हार्ट अटैक से मौत का मामला सामने आया है (Lucknow Heart Attack School Girl). PTI के मुताबिक, स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि बच्ची को स्कूल में खेलते समय दिल का दौरा पड़ा और वो बेहोश हो गई.
स्कूल में खेलते-खेलते तीसरी क्लास की बच्ची को हार्ट अटैक आया, अस्पताल में मौत
Lucknow UP News: 13 सिंतबर को बच्ची स्कूल में अचानक बेहोश हो गई. पहले उसे पास के फातिमा अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया. वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.


मामला लखनऊ के मोंटफोर्ट स्कूल का है. बच्ची स्कूल में तीसरी क्लास में पढ़ती थी. अपने परिवार के साथ लखनऊ के विकासनगर एरिया में रहती थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 13 सिंतबर को स्कूल में उसके अचानक बेहोश हो जाने पर पहले उसे पास के फातिमा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे चंदन अस्पताल रेफर कर दिया. बच्ची के घरवाले उसे चंदन अस्पताल ले गए, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
स्कूल के प्रिंसिपल ब्रदर जिनू अब्राहम ने डॉक्टरों के हवाले से बताया कि बच्ची की मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है.
मामले पर महानगर के थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने कहा,
लड़की का परिवार एक लिखित बयान देने के लिए पुलिस स्टेशन आया और कहा कि वो उसकी मौत के संबंध में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं. उन्होंने हमें बताया कि लड़की पिछले कुछ सालों से बीमार थी और उसका इलाज चल रहा था.
उन्होंने आगे बताया,
बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए घरवालों का मानना है कि उसका गिरना उसकी बीमारी से संबंधित था और इसलिए कोई और जांच की जरूरत नहीं है.
प्रिंसिपल ने TOI को बताया कि लड़की होशियार और पढ़ाई में अच्छी थी. उन्होंने कहा कि ये एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. बच्ची की मौत की सूचना मिलने के बाद स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई.
ये भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल पार्टी में डांस कर रहा था, अचानक 'हार्ट अटैक' से मौत
पिछले साल सितंबर में लखनऊ के सिटी मांटेसरी स्कूल से भी इस तरह का मामला सामने आया था. क्लास 9 का एक छात्र आतिफ सिद्दीकी कैमिस्ट्री की क्लास में अचानक बेहोश हो गया. उसे पहले नजदीकी चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया फिर केजीएमयू के कार्डियोलॉजी विभाग में रेफर कर दिया गया. वहां के डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों को शक था बच्चे की मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई है.
वीडियो: सेहतः नौजवानों में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का रिस्क बढ़ा रही ये बीमारी!






















