The Lallantop

कुमार विश्वास उनके काफिले पर 'हमला' करने वाले पल्लव वाजपेयी से मिले, राम की मूर्ति दी, खेद जताया

कुमार विश्वास ने कुछ दिन पहले जिस व्यक्ति पर उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया था, दिवाली पर उसी व्यक्ति से मिलने गए.

Advertisement
post-main-image
दिवाली पर कुमार विश्वास डॉक्टर पल्लव वाजपेयी के घर गए. (फोटो: आजतक/मयंक गौड़)

कवि कुमार विश्वास दिवाली पर डॉक्टर पल्लव वाजपेयी से मिलने उनके घर गए. वही पल्लव वाजपेयी जिन पर कुमार विश्वास ने उनके काफिले के सुरक्षाकर्मियों के साथ अभद्रता करने और हिंसक होने का आरोप लगाया था. आजतक के मयंक गौड़ की रिपोर्ट के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान कुमार विश्वास ने बीती घटना पर खेद जताया. साथ ही, डॉक्टर पल्लव वाजपेयी को राम की मूर्ति भेंट की.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
(फोटो: आजतक/मयंक गौड़)

बीती 8 नवंबर को अलीगढ़ जाते वक्त रास्ते में कुमार विश्वास के सुरक्षाकर्मियों की पल्लव वाजपेयी के साथ हाथापाई होने की खबर आई थी. कुमार ने घटना के बारे में X पर बताते हुए आरोप लगाया था कि पल्लव वाजपेयी ने अपनी कार से उनके सुरक्षाकर्मियों की कार को टक्कर मारी. कुमार विश्वास ने ये भी आरोप लगाया था कि सुरक्षाकर्मियों ने जब पल्लव वाजपेयी को पूछताछ के लिए रोका था तो उन्होंने न केवल यूपी पुलिस के सिपाही, बल्कि केंद्रीय बलों के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया था.

कुमार विश्वास ने X पर पोस्ट किया था,

Advertisement

“आज (8 नवंबर) अलीगढ़ जाते समय वसुंधरा स्थित घर से जब निकला तो हिंडन के तट पर, किसी कार चालक ने साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों की कार पर दोनों ओर से कार की टक्कर से हमला करने की कोशिश की. जब नीचे उतर कर सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका तो उसने न केवल यूपी पुलिस के सिपाही, अपितु केंद्रीय बलों के सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया.”

 वहीं डॉक्टर पल्लव वाजपेयी ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि कुमार विश्वास के सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की. पल्लव वाजपेयी ने कहा था,

“पुलिस की गाड़ी आई और उसने हाथ देकर ओवरटेक करने की कोशिश की. तो मैंने उसे जाने दिया. फिर मैं पीछे आया तो उसके पीछे एक और गाड़ी थी. काले रंग की. वो बहस करने लगा कि आपको गाड़ी चलानी नहीं आती. वो मुझसे बहस करता रहा. फिर हाथापाई करने लगा और गाली-गलौज की. उन्होंने बताया कि 112 पर कॉल किया, लेकिन कोई नहीं आया.”

Advertisement

इस मामले में कुमार विश्वास के सुरक्षाकर्मियों और पल्लव वाजपेयी दोनों पक्षों की तरफ से FIR दर्ज कराई गई थी. लेकिन अब कुमार विश्वास की तरफ से डॉक्टर पल्लव वाजपेयी की तरफ हाथ बढ़ाया गया है.

ये भी पढ़ें- 'बोनस में घमंड...' मारपीट मामले में पत्रकार ने कुमार विश्वास को घेरा, जवाब क्या मिला?

Advertisement