विराट कोहली (बाएं) और केविन पीटरसन. (तस्वीरें- पीटीआई)
टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2021 के अपने पहले दोनों मैच हार गई. पहले पाकिस्तान ने उसे पूरे 10 विकेट से हराया, फिर रविवार 31 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के हाथों भी करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान से हार के बाद फैन्स ने उम्मीद लगाई थी कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम पटरी पर लौट आएगी. लेकिन टीम के औसत प्रदर्शन ने सबको निराश कर दिया. ये निराशा इस जानकारी के साथ और बढ़ गई कि अब भारत पर T20 World Cup 2021 के सुपर-12 से ही बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय टीम के बल्लेबाज फिर ढेर हो गए. इस बार तो कप्तान कोहली का बल्ला भी नहीं चला. 20 ओवरों में टीम केवल 110 रनों का लक्ष्य खड़ा कर पाई. बाद में गेंदबाजों ने भी भद्द पिटवाई. न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने हमारे बोलर्स की तुड़ाई की और केवल 15वें ओवर में 111 रनों का टार्गेट हासिल कर लिया. इस खराब प्रदर्शन पर जानकारों ने तो आलोचना की ही, कप्तान विराट कोहली ने भी निराशा जाहिर की. लाजमी है फैन्स भी कहां बख्शने वाले थे. सो उन्होंने सोशल मीडिया पर टीम की जमकर खिंचाई कर डाली. लेकिन इस सबके के बीच कुछ लोगों ने टीम इंडिया का बचाव भी किया. इनमें इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी केविन पीटरसन भी शामिल हैं. उन्होंने ट्विटर पर भारतीय फैन्स से अपील की कि वे अपनी टीम के साथ खड़े रहें.
क्या कहा पीटरसन ने?
मैदान के बाद जब ट्विटर पर टीम इंडिया की पिटाई की जा रही थी, उसी दौरान केविन पीटरसन ने ट्विटर पर हिंदी में लिखा,
"खेल में एक विजेता और एक हारने वाला होता है. कोई भी खिलाड़ी हारने के लिए बाहर नहीं जाता है. अपने देश का प्रतिनिधित्व करना सबसे बड़ा सम्मान है. कृपया महसूस करें कि खेल के लोग रोबोट नहीं हैं और उन्हें हर समय समर्थन की आवश्यकता है."
"आईपीएल का कॉन्ट्रैक्ट लेने के लिए कोई क्या ना कर दे."
केविन ने इस ट्वीट में हिंदी का बखूबी इस्तेमाल किया है. इस पर कई लोगों की प्रतिक्रियाएं आई हैं. किसी ने उनका मजाक उड़ाया है तो किसी ने उनकी हिंदी की दाद दी है. कुछ ट्वीट देखिए. काव्या दीक्षित ने कहा,
"इनकी हिंदी देखकर नई पीढ़ी के लोगों की हालत ऐसी होगी कि कोई मुंह छिपाने के लिए जगह दे दो."
आसिफ नाम के ट्विटर यूजर ने कहा,
"ये लोग नकाब अच्छा पहनते हैं ताकि अगले आईपीएल सीजन में अच्छा कॉन्ट्रैक्ट मिल जाए."
जेनाना तेजा ने पीटरसन और टीम इंडिया का सपोर्ट करते हुए कहा,
"कभी-कभी टीम इंडिया का फैन होना काफी मुश्किल हो जाता है. लगातार 2 हारों के बाद भी हम टीम इंडिया के साथ हैं. हम टीम इंडिया से प्यार करते थे, करते हैं और करते रहेंगे."
वहीं अकदास हयात नाम के ट्विटर यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा,
"थैंक्स टू गूगल ट्रांसलेटर."
चलते-चलते बता दें कि टीम इंडिया का अगला मैच बुधवार 3 नवंबर को स्कॉटलैंड से होगा.