The Lallantop

केरल में ट्रेन पर पेट्रोल छिड़क आग लगा भागा था, शाहीन बाग से क्या कनेक्शन निकल आया?

केरल पुलिस आरोपी शाहरुख सैफी के शाहीन बाग स्थित घर पहुंच गई है.

Advertisement
post-main-image
केरल ट्रेन अग्निकांड में पुलिस ने आरोपी शाहरुख सैफी को गिरफ्तार कर लिया है. (फोटो- आजतक)

केरल ट्रेन अग्निकांड के आरोपी को महाराष्ट्र के रत्नागिरी से पकड़ा गया है (Kerala Train Fire Incident). उसका नाम शाहरुख सैफी है. शाहीन बाग का रहने वाला है. आरोप है कि उसने ट्रेन के एक कोच में सह यात्री पर केमिकल छिड़क कर आग लगाई और फरार हो गया. घटना में तीन लोगों की मौत हुई थी. इससे पहले उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (UP ATS) ने बुलंदशहर से शाहरुख सैफी नाम के शख्स को पकड़ा था. उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
इलाज करवाने गया था आरोपी

आजतक की रिपोर्ट के मुताबकि, सेंट्रल इंटेलिजेंस और महाराष्ट्र एटीएस की संयुक्त टीम ने 4-5 अप्रैल की दरमियानी रात रत्नागिरी रेलवे स्टेशन से शारुख सैफी को पकड़ा. वो अपने सिर की चोटों के इलाज के लिए रत्नागिरी सिविल अस्पताल में था. लेकिन इलाज पूरा कराए बिना ही अस्पताल से भाग गया. बाद में वो रेलवे स्टेशन पर मिला. पुलिस के मुताबिक, वो चोटें उसे ट्रेन से नीचे उतरते समय गिरने की वजह से लगी थीं.  

केरल के DGP अनिल कांत ने मीडिया को बताया,

Advertisement

संदिग्ध आरोपी को रत्नागिरी में पकड़ा गया है. उसे केरल पुलिस को सौंपा जाएगा. मैं महाराष्ट्र डीजीपी के संपर्क में हूं. जांच जारी है. 

आरोपी शाहरुख की उम्र 24 साल है. वो दिल्ली के शाहीन बाग का रहने वाला है. 31 मार्च को ही आरोपी के पिता ने पुलिस थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी. खबर है कि केरल पुलिस शाहरुख सैफी के घर का दौरा करने शाहीन बाग पहुंच गई है. 

Advertisement

इससे पहले जांच के दौरान बुलंदशहर से शाहरुख सैफी नाम के शख्स को हिरासत में लिया गया था. ATS की टीम उसे गाजियाबाद ले गई और पूछताछ के बाद छोड़ दिया. उसके पिता ने बताया था कि वो पिछले दो महीने से स्याना में ही है.

घटना केरल के कोझिकोड में रविवार, 2 अप्रैल को 'अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस' में हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का ट्रेन में सीट को लेकर बाकी यात्रियों से विवाद हो गया था. आरोप है कि उसने यात्रियों पर ज्वलनशील पदार्थ फेंककर आग लगा दी. इस हमले में 9 यात्री झुलसकर घायल हो गए. बताया गया कि ट्रेन के दो कम्पार्टमेंट D1 और D2 आग की चपेट में आ गए थे. 

जान बचाने के लिए बाहर कूदे यात्री 

बचने के लिए कुछ यात्री डिब्बों से बाहर कूद पड़े. ये कोशिश तीन यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हुई. मारे गए इन यात्रियों में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल है. घटना की जांच के दौरान पुलिस को रेलवे ट्रैक से इन लोगों के शव मिले. जांच शुरू हुई और पुलिस ने आरोपी का स्केच जारी किया.

इस घटना में आतंकवाद का ऐंगल होने से इनकार नहीं किया गया है. ऐसे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) हरकत में आ गई है. खबर मिली कि NIA की एक टीम मामले की जांच के लिए केरल के कन्नूर पहुंची है. आजतक से जुड़ीं शिबी की रिपोर्ट के मुताबिक टीम के दो सदस्यों ने अलप्पुझा-कन्नूर एक्जीक्यूटिव एक्सप्रेस के कोच नंबर D1 और D2 का निरीक्षण किया है. घटना के बाद से ये दोनों कम्पार्टमेंट्स सील हैं.

वीडियो: ट्रेन में महिला पर पेशाब करने वाले की नौकरी गई, और क्या-क्या हुआ?

Advertisement