The Lallantop

गर्लफ्रेंड को कैसे मनाएं? ये जानने पहुंचे लड़के ज्योतिषाचार्य का पूरा घर ही साफ कर गए!

कानपुर में ज्योतिषी के घर चोरी का ये मामला सुन दिमाग हिल जाएगा...

Advertisement
post-main-image
ज्योतिषाचार्य तरुण शर्मा का कहना है कि दोनों चोरों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए. (फोटो क्रेडिट - रंजय सिंह)

कानपुर (Kanpur) में एक ज्योतिषी (astrologer) को भारी चपत लगी है. दूसरों का भविष्य बताने का व्यापार करने वाले ज्योतिषाचार्य खुद ठग लिए गए. दरअसल, उनके पास दो लोग अपनी गर्लफ्रेंड को मनाने का उपाय पूछने आए थे. ज्योतिषी उनका भविष्य बताते इससे पहले ये दोनों उनके घर का सारा सामान लेकर गायब हो गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े रंजय सिंह की रिपोर्ट के अनुसार, ज्योतिषी तरुण शर्मा कानपुर के गोविंद नगर में रहते हैं. वे अपने घर पर ही लोगों की कुंडली देखते हैं. कुछ दिन पहले दो चोर उनके पास पहुंचे. उन्होंने अपना नाम कृष्णा ठाकुर और कार्तिक परिहार बताया.

चोरों में से एक ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड नाराज़ रहती है. उसने ज्योतिषाचार्य से गर्लफ्रेंड को मनाने का उपाय पूछा. इस पर ज्योतिषी तरुण शर्मा ने उन्हें 3 अक्टूबर का दिन सही बताकर अपनी कुंडली लेकर आने के लिए कहा. 

Advertisement

ये भी पढ़ें- कानपुर में नमाज पढ़ने पर 2000 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज 

कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया बेहोश

दोनों उनके बताने के अनुसार 3 अक्टूबर को ज्योतिषी के घर पहुंचे. इस समय वे घर पर अकेले थे. इसके बाद तरुण शर्मा चोरों की बातों में आ गए. वे इतना प्रभावित हुए कि उनके लिए अपने हाथों से खाना बनाया. फिर तीनों ने मिलकर खाना खाया. अब ज्योतिषाचार्य शर्मा उन्हें अपनी प्रेमिका को मनाने का उपाय बताने लगे. इसी बीच एक चोर ने अपने बैग से एक कोल्ड ड्रिंक निकाल ली. उन्होंने एक गिलास में कोल्ड ड्रिंक डालकर तरुण को पीने के लिए दी.

तरुण शर्मा उन पर इतना भरोसा कर बैठे थे कि बिना शक किए कोल्ड ड्रिंक पीने लगे. कुछ ही देर में वे बेहोश होकर गिर गए. दोनों चोर उनके सारे सोने के जेवर, घर में रखा हुआ पैसा, मोबाइल, जो कुछ हाथ लगा सब उठाकर चलते बने. यही नहीं चोर इतने होशियार थे कि जाते हुए CCTV का DVR भी उठा कर ले गए.  

Advertisement

ये भी पढ़ें- कानपुर में गाय का यौन उत्पीड़न करता दिखा शख्स

कई घंटे बाद जब तरुण शर्मा को होश आया तो उन्हें पता चला कि दोनों चोर थे. शर्मा ने गोविंद नगर थाने में दोनों के खिलाफ शिकायत लिखवाई है. इस मामले पर इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने बताया कि हम इलाके के आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रहे हैं. ये दोनों 4-5 दिन तक तरुण शर्मा के घर आते रहे. जल्द ही दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

वीडियो: कानपुर देहात में मां बेटी की जलकर मौत कैसे हुई, यहां समझिए

Advertisement