The Lallantop

यूपी: बुलडोजर से झोपड़ी गिराने गया था प्रशासन, मां-बेटी की जलकर मौत

आरोप है कि प्रशासन ने आग लगाई. वहीं प्रशासन का कहना है कि आग मां-बेटी ने खुद लगाई.

Advertisement
post-main-image
आग लगने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के लोगों को दौड़ा लिया. (फोटो: आजतक)

कानपुर देहात (Kanpur Dehat) में अतिक्रमण हटाने के दौरान मां-बेटी जिंदा जल गए. बताया जा रहा है कि प्रशासन सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने गया था. इसी दौरान मां-बेटी की मौत हो गई. परिवार ने प्रशासन पर आग लगाने का आरोप लगाया है. वहीं, प्रशासन का कहना है कि मां-बेटी ने खुद ही आग लगाई थी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, ये मामला कानपुर देहात के मैथा तहसील क्षेत्र के मड़ौली गांव का है. पुलिस ने बताया कि यहां के कृष्ण गोपाल दीक्षित के खिलाफ अवैध कब्जा करने की शिकायत थी. सोमवार, 13 फरवरी को एसडीएम मैथा ज्ञानेश्वर प्रसाद, पुलिस व राजस्व कर्मियों के साथ गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंचे.

आरोप है कि टीम ने जेसीबी से पहले नल और मंदिर तोड़ा और फिर छप्पर गिरा दिया. इससे छप्पर में आग लग गई और वहां मौजूद प्रमिला (44) और उनकी बेटी नेहा (21) की आग की चपेट में आने से जलकर मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कृष्ण गोपाल गंभीर रूप से झुलस गए. कृष्ण कुमार दीक्षित ने स्थानीय मीडिया से कहा कि वो सभी लोग अंदर थे. वो निकल आए. लेकिन उनकी पत्नी और बेटी नहीं निकल पाए. वहीं, स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कृष्ण कुमार दीक्षित के बेटे शिवम दीक्षित ने आरोप लगाते हुए कहा, 

Advertisement

"प्रशासन के लोगों और गांव में रहने वाले कुछ लोगों ने मिलकर घर में आग लगा दी. हम लोग अंदर थे. मंदिर तोड़ दिया, नल तोड़ दिया. सब गिराकर आग लगा गए. डीएम के यहां गए थे, कोई सुनवाई नहीं हुई."

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग जमा हो गए और पुलिस और प्रशासनिक अफसरों को दौड़ा लिया. अफसर गांव से अपनी जान बचाकर भाग निकले. मामले की जानकारी मिलते ही एसपी कानपुर देहात बीबीजीटीएस मूर्ति समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंचे.

एडीजी कानपुर जोन आलोक सिंह ने मीडिया को बताया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान मां-बेटी की जलकर मौत हुई है. मामले की जानकारी मिलते ही वो खुद मुआयना करने के लिए जा रहे हैं. इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात ने मीडिया से बात करते हुए कहा,

Advertisement

“थाना रूरा की पुलिस गांव मड़ौली में अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी. तभी एक महिला और उसकी बेटी ने खुद को झोपड़ी के अंदर बंद करके आग लगा ली. दोनों की मृत्यु हो गई है. सारे सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. मामले की जांच की जा रही है.”

क्या था मामला?

जानकारी के मुताबिक, मड़ौली गांव के रहने वाले गेदनलाल ने कृष्ण गोपाल दीक्षित, अंश दीक्षित, शिवम आदि के खिलाफ जमीन पर कब्जा कर मकान बनाने की शिकायत की थी. इस पर 13 जनवरी 2023 को एसडीएम मैथा के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक नंद किशोर, लेखपाल अशोक सिंह चौहान ने जेसीबी से कृष्ण गोपाल का मकान ढहा दिया था.

बताते हैं कि अधिकारियों ने बचा हुए मकान भी ध्वस्त कराने की चेतावनी दी थी. इसके बाद 14 जनवरी को तहसीलदार अकबरपुर रणविजय सिंह ने कृष्ण गोपाल और उनके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. 13 जनवरी को मकान तोड़े जाने के बाद से परिवार छप्पर डालकर रह रहा था. सोमवार को अधिकारी उसे ही हटाने के लिए पुलिस के साथ पहुंचे थे. 

वीडियो: कानपुर में हिमालयन उल्लू आया, देखने वालों की लगी भीड़, कुछ दिन पहले गिद्ध दिखा था

Advertisement