The Lallantop

'मुहर्रम के चंदे' को लेकर रांची में बवाल, मामला पुलिस तक पहुंचा और सियासत भी तेज हो गई

Jharkhand के रांची में मुहर्रम का चंदा देने से मना करने पर मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement
post-main-image
रांची में मुहर्रम के चंदे को लेकर विवाद हो गया. (एक्स)

झारखंड (Jharkhand) की राजधानी रांची में मुहर्रम (Muharram) का चंदा मांगने को लेकर विवाद हो गया. यहां एक म्यूजिकल स्टोर पर कुछ युवक चंदा वसूलने आए थे. आरोप है कि युवक जबरदस्ती चंदा वसूल रहे थे. इस दौरान उन्होंने दुकानदार के साथ मारपीट भी की. इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में काफी आक्रोश है. पीड़ित दुकानदार ने लोअर बाजार थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

म्यूजिकल स्टोर के मालिक रिंकू दास की ओर से कराई गई शिकायत में कहा गया कि सुबह 11 बजे के आसपास दो अज्ञात लोग उनकी दुकान में आए और चंदा मांगने लगे. इस दौरान वे गाली-गलौच भी कर रहे थे. उस वक्त उनका बेटा आदर्श और एक स्टाफ दुकान में थे. उनके बेटे ने गाली-गलौच का विरोध किया तो उन लोगों ने रॉड से उन पर हमला कर दिया. मारपीट में दोनों जख्मी हो गए हैं.

ये भी पढ़ें - "मुहर्रम के नाम पर...", CM योगी ने क्या कहा जो मुस्लिम नेता ने कांवड़ यात्रा बंद कराने की धमकी दे दी?

Advertisement

झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष  बाबूलाल मरांडी ने इस घटना को लेकर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने अपने एक्स हैंडल से घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 
 

रांची में मुहर्रम की चंदा वसूली के नाम पर गुंडों द्वारा दुकानदारों के साथ मारपीट और बदसलूकी की जा रही है. ऐसी घटनाओं से पूरे शहर का शांति-सौहार्द बिगड़ सकता है. रांची का मेन रोड अति संवेदनशील क्षेत्र है. पूर्व में भी ऐसे असामाजिक तत्वों द्वारा शहर को दंगों की आग में झोंकने का प्रयास किया जा चुका है.

बाबूलाल मरांडी ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें देखा जा सकता है कि एक दुकान पर कुछ लोग चंदा मांग रहे हैं. इस दौरान दुकानदार और चंदा मांगने आए युवकों में बहस हो जाती है. और ये बहस जल्दी ही मारपीट में बदल जाती है. हालांकि, वीडियो से ये साफ नहीं हो पाता है कि दोनों पक्ष में किस बात पर बहस हुई. 

Advertisement

वीडियो: तारीख: औरंगजेब और मुहर्रम का इतिहास, बैन क्यों लगा दिया था?

Advertisement