जम्मू कश्मीर में आतंकियों ने एक महिला की गोली मार कर हत्या कर दी. खबर कश्मीर के कुलगाम जिले से है. आतंकियों ने कुलगाम के गोपालपोरा इलाके में महिला पर गोलियां चलाईं. उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन उनकी मौत हो गई.
कश्मीर : स्कूल में घुसकर एक महिला टीचर की गोली मारकर हत्या
महिला पेशे से टीचर थीं. वो जम्मू के सांबा की रहने वाली थी. आतंकियों के हमले में उनकी मौत हो गई.


जम्मू कश्मीर पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि,
सांबा की रहने वालीं टीचर की आतंकी हमले में मौत हो गई. आतंकियों ने उन पर घातक हमला किया था. आतंकियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा.

इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, महिला पेशे से टीचर थीं. वो जम्मू के सांबा की रहने वाली थी. आतंकियों के हमले में उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आतंकियों ने महिला टीचर पर ये हमला स्कूल में किया.
इस मामले में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर सांत्वना जताई है.
उमर ने लिखा,
रजनी जम्मू के सांबा जिले की रहने वाली थीं. दक्षिण कश्मीर के कुलगाम इलाके में सरकारी शिक्षिका ने एक घिनौने आतंकी हमले में अपनी जान गंवा दी. मैं उनके पति राज कुमार और परिवार के बाकी सदस्यों के लिए दुखी हूं. एक और घर में हिंसा से अपूरणीय क्षति हुई.
इस आतंकी हत्या पर पीडीपी अध्यक्ष और पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है.
महबूबा ने कहा कि,
कश्मीर में केंद्र सरकार के हालात सामान्य होने के दावों के बीच आम नागरिकों की टार्गेटेड हत्याएं बढ़ रही हैं. इस कायरता की निंदा करनी चाहिए. लेकिन दुख इस बात का है कि ये घटना भी बीजेपी द्वारा फैलाए जा रहे मुस्लिम विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देगी.
कश्मीर में आतंकी लगातार आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं. बीते 12 मई को बडगाम जिले में आतंकवादियों ने राजस्व विभाग के कर्मचारी राहुल भट की हत्या कर दी थी. पिछले हफ्ते, बडगाम के चदूरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों ने टीवी कलाकार अमरीन भट पर गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौत हो गई.
बीते 24 मई, 2022 को कुलगाम में ही आतंकियों ने एक ग्रेनेड अटैक किया था. आजतक की खबर के मुताबिक इस हमले में 15 लोग घायल हो गए थे.
वीडियो: कश्मीर में 24 घंटे के अंदर 4 जगहों पर आतंंकी हमले हुए. 1 जवान की मौत






















