अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे के भीतर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने का अल्टिमेटम दिया है. धमकी देते हुए ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान ऐसा नहीं करता है तो उसके सबसे बड़े पावर प्लांट पर हमला होगा. अलजज़ीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप का यह बयान शनिवार, 21 मार्च को आया. उन पर लगातार होर्मुज स्ट्रेट को खोलवाने का दबाव बढ़ रहा है, क्योंकि ईरान ने ये समुद्री रास्ता उन देशों के लिए बंद कर रखा है, जिनका अमेरिका या इजरायल से किसी भी तरह का नाता है.
'48 घंटे में होर्मुज खोल दो वरना...', ट्रंप की खुली धमकी, ईरान ने भी पलटकर जवाब दे दिया
अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी है कि 48 घंटे के अंदर वो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोल दे. ऐसा नहीं करने पर अमेरिका उसके सबसे बड़े पावरप्लांट पर हमला करेगा.


होर्मुज के रास्ते दुनियाभर का लगभग 20% तेल और गैस ट्रांसपोर्ट होता है. ऐसे में इसके बंद होने की वजह से कई देशों में तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. शेयर बाजार भी तेजी से गिरता जा रहा है. होर्मुज खोलवाने के लिए NATO से मदद न मिलने के बाद ट्रंप ने शनिवार, 21 मार्च को एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर ईरान को खुली धमकी दी. उन्होंने कहा,
“अगर ईरान ठीक इस समय से लेकर 48 घंटों के भीतर बिना किसी धमकी के स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह से नहीं खोलता है तो अमेरिका उसके अलग-अलग पावर प्लांट पर हमला करेगा और उन्हें पूरी तरह से तबाह कर देगा. शुरुआत सबसे बड़े प्लांट से होगी.”

हालांकि, ट्रंप ने अपने पोस्ट में यह साफ नहीं किया कि वो ईरान के किस पावर प्लांट को ‘सबसे बड़ा’ बता रहे हैं.
यह भी पढ़ें: होर्मुज बना साख का सवाल, ट्रंप मिडिल-ईस्ट भेजेंगे अमेरिका की सबसे खतरनाक मरीन फोर्स!
ट्रंप की इस धमकी पर ईरानी सेना ने भी पलटवार किया है. उसने कहा,
“अगर ईरान के फ्यूल और एनर्जी के बुनियादी ढांचों पर हमला किया गया तो ईरान इलाके में मौजूद अमेरिका के सभी बुनियादी ऊर्जा ढांचे पर हमला करेगा.”
बता दें कि ईरान को ये धमकी देने से एक दिन पहले ट्रंप जंग खत्म करने की बात कर रहे थे. ट्रंप ने शुक्रवार, 20 मार्च को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा था कि अमेरिका इस जंग में अपने लक्ष्यों को हासिल करने के बेहद पास पहुंच चुका है. इसलिए वो मिडिल ईस्ट में इस बड़े सैन्य कार्रवाई को खत्म करने के बारे में सोच रहे हैं.
वीडियो: ईरान महिला फुटबॉल टीम ने अपना फैसला क्यों बदला?






















