The Lallantop

इजरायल-हमास डील आगे बढ़ी, कितने और दिन बनी रहेगी शांति, किसने करवा दिया ये बड़ा काम?

इजरायल-हमास समझौते के तहत बंधकों को रिहा किया गया, अब ये कुछ रोज के लिए आगे बढ़ गया है, लेकिन इसमें अमेरिका को क्या गलत दिख रहा है?

Advertisement
post-main-image
इस दौरान कुछ और बंधको को भी रिहा किया जा सकता है. (तस्वीर: Reuters)

इजरायल-हमास युद्ध में (Israel-Hamas War Ceasefire) चार दिनों के युद्ध विराम की सहमति बनी थी. 27 नवंबर को दोनों देशों के बीच कुछ और दिनों तक युद्ध ना करने पर बात बनी. उम्मीद जताई जा रही है कि इस दौरान कुछ और बंधको को भी रिहा किया जा सकता है. बीते 24 नवंबर से दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम की स्थिति है. समझौते के आखिरी दिन दोनों देश ने इसे कुछ और दिनों तक जारी रखने का फैसला किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस समझौते में मध्यस्थता कर रहे देश कतर के विदेश मंत्री माजिद अल अंसारी ने कहा कि युद्ध विराम को विस्तार दिया गया है. उन्होंने सोशल मीडिया X (ट्विटर) पर लिखा,

“गाजा पट्टी में दो और दिनों के लिए युद्ध विराम को बढ़ाने पर (इजरायल और हमास के बीच) एक समझौता हुआ है.”

Advertisement

ये भी पढ़ें: हमास ने 63 बंधकों को छोड़ा, इजरायल से छूटे 117 फिलिस्तीनी, नेतन्याहू का आगे का प्लान पता लगा

अमेरिका ने बताया जोखिम भरा कदम

मीडिया रिपोर्ट्स की मुताबिक व्हाइट हाउस ने इस फैसले को जोखिम भरा कदम बताया है. व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा है कि गाजा में युद्ध विराम से हमास को फायदा हो सकता है. वहीं दूसरी तरफ व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया पर यह भी लिखा है कि इस दौरान हमास ने 20 और महिलाओं और बच्चों को रिहा करने का वादा किया है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी AFP की मानें तो कतर की इस घोषणा के पहले ही हमास ने इस युद्ध विराम को विस्तार देने की इच्छा जताई थी. जिस पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि अगर हमास हर दिन 10 बंधकों को छोड़ता है तो वे संघर्ष-विराम को बढ़ाते जाएंगे.

इससे पहले, हमास ने 27 नवंबर की सुबह 17 बंधकों को रिहा कर दिया. इसमें 4 साल की एक इजरायली-अमेरिकी लड़की भी शामिल थी. इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी उम्मीद जताई थी कि कुछ और दिनों तक लड़ाई बंद रखी जाएगी. उन्होंने X पर लिखा,

“हम इस (युद्ध-विराम) पर तब तक काम करते रहेंगे, जब तक सभी बंधक आजाद नहीं हो जाते.”

अभी तक हमास की तरफ से कुल 63 बंधकों को छोड़ दिया गया है. वहीं, इजरायल ने कुल 117 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया है. इजरायल पर 7 अक्टूबर को हमला करने के बाद हमास ने 200 से भी ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया था. इजरायल की सरकार के अनुसार इस हमले में करीब 1200 लोगों को मौत हुई थी. वहीं, फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इस युद्ध में अभी तक 14,800 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, करीब 23 लाख लोगों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा है.

ये भी पढ़ें: गाजा में इजरायल का ये ऐलान ईरान-हमास को बर्दाश्त न होगा!

वीडियो: दुनियादारी: 'हमास के लीडर्स को नहीं मारोगे', क़तर ने इजरायल से ये वादा क्यों करवाया था?

Advertisement