ईरान ने दावा किया है कि उसने एक ही दिन में दो अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है. शुक्रवार, 3 अप्रैल को सबसे पहले एक अमेरिकी 'F-15E स्ट्राइक ईगल' फाइटर जेट को मार गिराने की खबर आई. बाद में ईरान ने दावा किया कि उसने एक दूसरे अमेरिकी लड़ाकू विमान 'A-10' को भी निशाना बनाया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी मिलिट्री जेट को मार गिराए जाने का ईरान के साथ चल रही बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
ईरान ने अमेरिका के दो फाइटर जेट मार गिराए, ट्रंप बोले- 'कोई नहीं, बातचीत जारी रहेगी'
Iran Shot Down US Fighter Jet: पश्चिम एशिया में एक ही दिन में दो अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हुए. अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने कहा कि मिलिट्री जेट को गिराए जाने का ईरान के साथ बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने और क्या कहा?


अमेरिकी न्यूज चैनल NBC न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में बोलते हुए डॉनल्ड ट्रंप ने उन चिंताओं को खारिज कर दिया कि इस घटना से कूटनीति पटरी से उतर सकती है. जब उनसे पूछा गया कि क्या हाल के घटनाक्रम बातचीत पर असर डालेंगे, तो उन्होंने कहा,
"नहीं, बिल्कुल नहीं. नहीं, यह युद्ध है. हम युद्ध में हैं."
डॉनल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अभी जंग के हालात हैं, और ऐसे में जेट गिराए जाने का असर ईरान के साथ नेगोशिएशन पर नहीं होगा. हालांकि, ट्रंप ने ईरान द्वारा एक ही अमेरिकी फाइटर जेट गिराने की पुष्टि की है. इंटरव्यू के दौरान, ट्रंप दुर्घटनाग्रस्त जेट से जुड़े सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशंस की न्यूज कवरेज के कुछ हिस्सों पर चिढ़ गए.
दो फाइटर जेट क्रैश
शुक्रवार को पश्चिम एशिया में दो अमेरिकी मिलिट्री एयरक्राफ्ट क्रैश हुए. सबसे पहले, एक अमेरिकी ‘F-15E स्ट्राइक ईगल’ विमान पर हमले की खबर आई. अमेरिका ने प्लेन के एक क्रू सदस्य (पायलट) को बचाने का दावा किया है. दूसरे सदस्य की तलाश और बचाव का काम अभी जारी है. हालांकि, दूसरे सदस्य की स्थिति को लेकर अलग-अलग तरह की खबरें सामने आ रही हैं. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि वह ईरान की हिरासत में है, जबकि कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी उसकी तलाश हो रही है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले एक अमेरिकी अधिकारी ने 'F-15E स्ट्राइक ईगल' फाइटर जेट के गिरने की पुष्टि की है. ये ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध में पहला ऐसा मौका है, जब ईरान के इलाके में अमेरिकी फाइटर जेट को गिराने के दावे की पुष्टि हुई है. ईरान के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत के गवर्नर ने फाइटर जेट के क्रू (पायलट) को पकड़ने या मारने वाले व्यक्ति को इनाम देने का ऐलान किया है.
ये भी पढ़ें: ईरान ने अब अमेरिका का F-15E फाइटर जेट गिराया, अधिकारी ने की पुष्टि, पायलट की तलाश
इसके बाद, इस क्षेत्र में अमेरिकी वायु सेना का एक दूसरा फाइटर जेट भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें सवार एकमात्र पायलट को बचा लिया गया. नाम न छापने की शर्त पर अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि इस जेट की पहचान ‘फेयरचाइल्ड रिपब्लिक A-10 थंडरबोल्ट II’ के रूप में हुई है, जिसे आमतौर पर ‘A-10 वॉर्थोग’ के नाम से जाना जाता है.
यह जेट ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के पास क्रैश हो गया. फिलहाल यह साफ नहीं हुआ कि प्लेन क्रैश हुआ या उसे मार गिराया गया, या इसमें ईरान का कोई हाथ था. ईरान ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने A-10 को निशाना बनाया है. अमेरिका की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
वीडियो: ईरान ने F35 जेट गिराने का किया दावा, अमेरिका का जवाब आया



















