The Lallantop

इजरायल ने इस्माइल खातिब को भी मार दिया, ईरान के राष्ट्रपति ने पुष्टि कर दी

इस्माइल खातिब ईरान के इंटेलिजेंस मिनिस्टर थे. उनको अयातुल्ला अली खामेनेई और अली लारिजानी के बाद ईरान का तीसरा सबसे बड़ा नेता माना जाता था.

Advertisement
post-main-image
इस्माइल खातिब को ईरान का तीसरा सबसे बड़े नेता बताया जाता है. (इंडिया टुडे)

ईरान के खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खातिब की भी मौत हो चुकी है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने 18 मार्च को एक एक्स पोस्ट में इसकी पुष्टि कर दी. इजरायल के हमले में अली लारिजानी की मौत के बाद दावा किया जाने लगा था कि इस्माइल खातिब भी अब जीवित नहीं हैं. मसूद पेजेश्कियन के पोस्ट ने इन दावों पर मुहर लगा दी है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इसी पोस्ट में ईरानी राष्ट्रपति ने सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी और रक्षा मंत्री अजीज नासिरजादेह के मारे जाने की भी जानकारी दी. उन्होंने लिखा, 

मेरे प्रिय सहयोगियों इस्माइल खातिब, अली लारिजानी और अजीज नासिरजादेह और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की कायरतापूर्ण तरीके से हत्या कर दी गई है. इनकी हत्या ने हमें गहरे शोक में डाल दिया है.

Advertisement

इसके अलावा उन्होंने ईरानी सरकार, शूरा (संसद) और सेना से जुड़े कुछ और अधिकारियों की मौत पर भी शोक प्रकट किया है. उन्होंने लिखा, 

मैं दो कैबिनेट सहयोगियों, शूरा के सचिव और मिलिट्री कमांडर्स की शहादत पर ईरान की महान जनता के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं. मुझे पूरा भरोसा है कि हम पहले से ज्यादा मजबूत संकल्प के साथ आगे बढ़ते रहेंगे.

इस्माइल खातिब कौन थे?

इस्माइल खातिब ईरान के इंटेलिजेंस मिनिस्टर थे. उनको अयातुल्ला अली खामेनेई और अली लारिजानी के बाद ईरान का तीसरा सबसे बड़ा नेता माना जाता था. साल 2022 में अमेरिका ने उन पर बेहद कड़े प्रतिबंध लगाए थे. अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट का आरोप था कि खातिब एक साइबर नेटवर्क का संचालन करते थे, जिसने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के खिलाफ जासूसी और रैनसमवेयर हमले किए थे.

Advertisement

कौन थे अली लारिजानी ?

अली लारिजानी ईरान के सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव थे. उनको अयातुल्ला अली खामेनेई के बाद ईरान का सबसे ताकतवर माना जाता था. माना जा रहा था कि खामेनेई की मौत के बाद लारिजानी ही पर्दे के पीछे से ईरान की सत्ता को संभाल रहे थे. वो ईरान की सिक्योरिटी से जुड़े सभी ऑपरेशन्स के हेड थे. इसके अलावा वो ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम और कूटनीति के भी सूत्रधार रहे हैं. खामेनेई की मौत के बाद लारिजानी ही देश की अंतरिम परिषद और वॉर ऑपरेशन्स को लीड कर रहे थे.

अजीज नासिरजादेह की भी मौत

नासिरजादेह मसूद पेजेश्कियन सरकार में रक्षा मंत्री थे. इससे पहले वे ईरानी आर्म्ड फोर्सेज के डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ रह चुके थे. उन्होंने साल 2018 से 2021 तक ईरानी एयरफोर्स के कमांडर के तौर पर भी काम किया था. अमेरिका और इजरायल के हमलों से ईरानी डिफेंस और न्यूक्लियर फैसिलिटीज को सुरक्षित रखने में नासिरजादेह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. 

वीडियो: अली लारीजानी की मौत के बाद ईरान ने अमेरिका-इजरायल को क्या चेतावनी दी?

Advertisement