The Lallantop

आर्यन खान को पकड़ने वाले अधिकारियों की भी लग सकती है वाट

केस में आरोपी बनाए गए आर्यन खान को बड़ी राहत

Advertisement
post-main-image
बाएं- आर्यन खान, दाएं- SN प्रधान, NCB DG (फोटो-आजतक)

मुंबई क्रूज ड्रग्स केस से जुड़े अधिकारियों पर गाज गिर सकती है. इस केस में आरोपी बनाए गए आर्यन खान (Aryan Khan) को शुक्रवार 27 मई को बड़ी राहत मिली. मामले की सुनवाई कर रहे NDPS कोर्ट ने उन्हें क्लीन चिट दे दी. इसके थोड़ी देर बाद ही सूत्रों के हवाले से खबर आई कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के उन अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सकती है, जिन्होंने अक्टूबर 2021 की शुरुआत में मुंबई स्थित क्रूज पर छापेमारी कर आर्यन खान और अन्य लोगों को ड्रग्स के साथ पकड़ने का दावा किया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल, आर्यन खान को क्लीन चिट मिलने के बाद जब मीडिया ने छापेमारी और जांच के दौरान चूक को लेकर सवाल किए तो NCB के डीजी SN प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया,

‘क्रूज पर छापेमारी करने वाले एनसीबी के अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जा सकती है. अगर पहली जांच टीम से गलती नहीं होती तो SIT जांच टेक ओवर क्यों करती. इन कमियों को दूर करने के लिए या फिर कम से कम आगे की कार्रवाई सही हो उसके लिए ये कर्रवाई की गई.’

Advertisement

SN प्रधान ने आगे कहा,

‘गिरफ्तार किए गए 20 लोगों में से हमने 14 के खिलाफ चार्जशीट दायर की है. उन 14 लोगों के खिलाफ हमारे पास पुख्ता सबूत हैं. मुझे क्लीन-चिट शब्द की जानकारी नहीं है. बाकी 6 लोगों के खिलाफ एनसीबी को पर्याप्त सबूत नहीं मिले. नए सबूत मिलने पर सप्लिमेंट्री चार्जशीट फाइल की जा सकती है.’

इससे पहले 27 मई को NDPS कोर्ट में NCB ने 6 हजार पन्नों की चार्जशीट पेश की. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक दाखिल चार्जशीट में आर्यन खान का नाम शामिल नहीं था. कहा गया कि उनके खिलाफ ड्रग्स केस में कोई सबूत नहीं मिले. आर्यन खान इस मामले में 28 दिनों तक जेल में रहे थे.

Advertisement

मुंबई का ये चर्चित मामला समीर वानखेड़े के NCB के जोनल चीफ रहते सुर्खियों में आया था. इंडिया टुडे/आजतक ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि आर्यन खान को क्लीनचिट मिलने के बाद समीर वानखेड़े केंद्र सरकार के रडार पर आ गए हैं. गृह मंत्रालय ने उनके खिलाफ कार्रवाई का आदेश दे दिया है. इससे ठीक पहले आजतक ने समीर वानखेड़े से जब मामले पर जवाब किया तो उन्होंने कहा,

‘सॉरी सॉरी… मुझे कुछ नहीं कहना है. मैं एनसीबी में नहीं हूं. एनसीबी अधिकारियों से बात करो.’

और कौन छूटा?
इस ड्रग्स केस में आर्यन खाना के अलावा जिन लोगों के खिलाफ सबूत नहीं मिले उनमें अविन साहू, गोपाल आनंद, समीर साईघन, भास्कर अरोड़ा और मानव सिंघल शामिल हैं. वहीं, मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट को क्लीन चिट नहीं मिली है. दोनों ड्रग्स केस में आरोपी बताए गए हैं. इस मामले में अब 14 लोगों के खिलाफ केस चलाया जाएगा.

बता दें कि समीर वानखेड़े ने ही 2 अक्टूबर 2021 को मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज शिप पर रेड की थी. इस दौरान उन्होंने आर्यन खान समेत 9 लोगों को ड्रग्स मामले में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था. मामला सामने आने के बाद समीर वानखेड़े पर करोड़ों रुपये की वसूली के आरोप लगे थे. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. बाद में समीर को इस केस से हटा दिया गया था.

वीडियो- ज्ञानवापी पर भड़के ओवैसी ने शिवलिंग और फव्वारे पर क्या कहा?

Advertisement