भारतीय रेलवे ने वेटिंग लिस्ट के कैंसिल्ड टिकटों से हुई कमाई की जानकारी दी है. RTI से मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय रेलवे ने साल 2021, 2022 और 2023 के वेटिंग लिस्ट के कैंसिल्ड टिकटों से कुल 1,229.85 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके अलावा अकेले साल 2024 के जनवरी महीने में कुल 45.86 लाख कैंसिल्ड टिकटों से रेलवे (Indian Railways cancelled tickets earnings) को 43 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है.
वेटिंग टिकटों के कैंसिल होने से रेलवे को कितनी कमाई? जवाब मिल गया
Indian Railways को Cancelled वेटिंग टिकटों से ही करोड़ों की कमाई हुई है. ये जानकारी RTI के जरिए मिली है. क्या आपको पता है कि केवल पिछली दिवाली पर कैंसिल टिकट से कितने करोड़ रेलवे ने कमाए?

द हिन्दू की एक खबर के मुताबिक रेलवे ने वेटिंग लिस्ट के कैंसिल्ड टिकटों से हुई आमदनी की जानकारी एक RTI के जवाब में दी है. जो मध्य प्रदेश के RTI एक्टिविस्ट डॉ विवेक पांडे ने दायर की थी. RTI के जवाब में और भी कई बातें सामने आईं. इन आंकड़ों से ये पता लगता है कि साल दर साल इन कैंसिल हुए टिकटों से रेलवे की आमदनी बढ़ी है.
किस साल कितनी कमाई हुई?साल 2021 में वेटिंग लिस्ट के कुल 2.53 करोड़ टिकट कैंसिल किए गए थे, जिससे रेलवे को कुल 242.68 करोड़ रुपये की कमाई हुई. वहीं साल 2022 और 2023 में क्रमशः 4.6 करोड़ और 5.26 करोड़ टिकट कैंसिल किए गए, जिससे रेलवे को दोनों सालों में 439.16 करोड़ और 505 करोड़ रुपये की कमाई हुई.
| साल | कैंसिल्ड टिकट से कमाई | कैंसिल हुए वेटिंग टिकटों की संख्या |
| 2021 | 242 करोड़ | 2.53 करोड़ |
| 2022 | 439 करोड़ | 4.6 करोड़ |
| 2023 | 505 करोड़ | 5.26 करोड़ |
RTI से ये भी पता चला कि साल 2023 में दीपावली के समय 5 नवंबर से 12 नवंबर के बीच लोगों ने 96.18 लाख रेलवे टिकट कैंसिल करवाए. इसमें लोगों के कंफर्म, रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) टिकट भी शामिल हैं. और अकेले दीपावली के हफ्ते में रेलवे ने कैंसिल्ड टिकटों (Total cancellation earnings) से कुल 10.37 करोड़ रुपयों की कमाई की थी.
टिकट कैंसिल होने पर पैसा कटने का नियमइंडियन रेलवे में रिजर्वेशन टिकट दो तरह से मिलते हैं. एक रेलवे काउंटर टिकट और दूसरा ऑनलाइन ई-टिकट. IRCTC के मुताबिक अगर RAC या वेटिंग लिस्ट का टिकट कैंसल किया जाता है तो 60 रुपये रिफंड से काटे जाते हैं. वहीं अगर कंफर्म्ड ई-टिकट ट्रेन चलने के शेड्यूल के 48 घंटे पहले कैंसल किया जाता है तो AC फर्स्ट क्लास में 240 रुपये, AC-2 टियर में 200 रुपये, AC-3 टियर में 180 रुपये, स्लीपर में 120 रुपये और सेकेंड क्लास में 60 रुपये फ्लैट चार्जेज काटे जाते हैं. वहीं अगर कंफर्म्ड टिकट ट्रेन के शेड्यूल से 48-12 घंटे के भीतर कैसिंल किया जाता है तो किराए का 25 फीसदी हिस्सा रिफंड से काटा जा सकता है.
ये भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला के पिता का आरोप- 'पंजाब पुलिस मांग रही है बच्चे के लीगल डॉक्यूमेंट', CM भगवंत मान से लगाई गुहार
वीडियो: जमघट: अश्विनी वैष्णव ने पेगासस, रेलवे भर्ती, 75 वंदे भारत ट्रेन पर क्या खुलासे किए?












