The Lallantop

अरे, ये अमेरिकी दंगे के बीच भारत का झंडा क्या कर रहा है?

कई सिलेब्रिटीज़ और नेताओं ने अपने-अपने तरीके से इसका जवाब दिया.

Advertisement
post-main-image
अमेरिकी संसद की बिल्डिंग में उपद्रव करते ट्रंप समर्थकों के बीच जब तिरंगा झंडा दिखा तो भारत में सिलेब्रिटीज़ और नेताओं को अखर गया.
अमेरिकी संसद में ट्रंप समर्थकों के हंगामे की तस्वीरें दुनिया भर ने देखीं. देखते ही देखते इस ऐतिहासिक घटना की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो गए. इन्हें देखकर किसी ने माथा पीट लिया, तो किसी ने शर्म से सिर झुका लिया. लेकिन इन सब तस्वीरों के बीच एक वीडियो में भारत का झंडा भी नजर आया. ट्रंप समर्थकों की भीड़ में एक शख्स भारत का झंडा लेकर पहुंचा. लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कई सिलेब्रिटीज़ और नेताओं ने भी इस पर सवाल उठाए. किस वीडियो में दिखा भारत का झंडा? अमेरिकी दंगे के कई वीडियोज़ में से Alejandro Alvarez (@aletweetsnews) के ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया गया. अलाजेंड्रो एक अमेरिकी पत्रकार हैं, जो इस बवाल के दौरान मौके पर मौजूद थे. इस वीडियो में बाकी झंडों के साथ भारत का झंडा भी लहराता नजर आ रहा है. हालांकि वीडियो में ये नहीं दिख रहा कि इस झंडे को किसने उठा रखा है. आप भी देखिए वीडियो- वरुण गांधी बोले- यहां भारत का झंडा क्या कर रहा है? बीजेपी के नेता और सांसद वरुण गांधी ने ट्वीट करके इस मौके पर भारत का झंडा दिखने पर सवाल उठाए. उन्होंने ट्वीट में लिखा,
यहां पर भारत का झंडा क्यों है??? यह एक ऐसी लड़ाई है, जिसमें हमें यकीनन हिस्सा नहीं लेना चाहिए.
शशि थरूर जवाब देने आ गए वरुण गांधी के इस ट्वीट पर बीजेपी नेता शशि थरूर जवाब देने आ गए. उन्होंने वरुण के ट्वीट को कोट करते हुए लिखा-
दुर्भाग्य से कुछ भारतीय भी ट्रंपिस्ट भीड़ की मानसिकता वाले हैं. जो झंडे को अपने सम्मान के बजाय एक हथियार की तरह इस्तेमाल करते हैं. वह हर उस इंसान को देशद्रोही और गद्दार बताते हैं, जो उनके विचारों से सहमत नहीं होता. यह झंडा हम सबके लिए एक चेतावनी की तरह है.
शिवसेना ने भी जताया गुस्सा शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट करके लिखा-
जो भी भारत का यह झंडा लहरा रहा है, उसे शर्म आनी चाहिए. अपने तिरंगे को दूसरे देश के हिंसक और आपराधिक कामों में इस्तेमाल न करो.
सिलेब्रिटी भी उतरे मैदान में एक्टर और मशहूर कमेडियन वीर दास ने झंडा लहराने वाली घटना पर चुटकी लेते हुए ट्वीट किया.
भारत का झंडा लहराने वाले प्यारे इंडियन, हर भीड़वाली जगह पर जरूरी नहीं है कि क्रिकेट मैच ही हो रहा हो.
एड फिल्ममेकर और डायरेक्टर रमन सुब्रमण्यम ने ट्वीट किया-
ये एक भारतीय झंडा है, जो अमेरिका में लोकतंत्र को ध्वस्त करने के समर्थन में लहराया जा रहा है. किसी को पता है कि आखिर ये बेवकूफ कौन हैं और इन्हें झंडा लहराने की जरूरत क्यों महसूस हो रही है?
राइटर रविंदर सिंह ने भी इस मामले में ट्वीट किया-
बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना
मशहूर मिथॉलजिस्ट देवदत्त पटनायक ने भी चुटकी ले ली-
अरे क्या दंगों के दौरान ये भारत का झंडा लहरा रहा है? मैं पूरी तरह से निश्चिंत हूं कि कोई भोला भाला अपनी गायों को एरिजोना और जॉर्जिया में चराने जाते वक्त यह झंडा छोड़ गया है.
अमेरिकी दंगों के दौरान भारत के झंडे को देखकर बहुत से लोगों ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी. लोग इसे झंडे का अपमान भी करार दे रहे हैं. हालांकि अभी यह नहीं पता चल पाया है कि इस झंडे को लेकर वहां पहुंचा कौन था. हो सकता है कुछ दिनों में कुछ और वीडियो आएं, जिनमें कुछ खुलासा हो.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement