The Lallantop

प्लेन में 14 साल की बच्ची की बगल में 'मास्टरबेट' करने के आरोप में भारतीय मूल का डॉक्टर गिरफ्तार

मई 2022 की घटना को लेकर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब की आरोपी की गिरफ्तारी.

Advertisement
post-main-image
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक दोषी साबित होने तक आरोपी का बेकसूर ही माना जाएगा. (तस्वीर साभार- Beth israel deaconess medical center & Freepik)

भारतीय अमेरिकी मूल के एक डॉक्टर को नाबालिग बच्ची के सामने अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी डॉक्टर का नाम सुदीप्ता मोहंती है. बच्ची की उम्र 14 साल बताई गई है. 33 वर्षीय सुदीप्ता मोहंती पर आरोप है कि उन्होंने फ्लाइट में अपनी बगल में बैठी बच्ची के सामने ‘मास्टरबेट’ करना शुरू कर दिया. मई 2022 की ये घटना होनोलूलू से बॉस्टन जा रहे प्लेन में हुई, जिसकी जानकारी अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने 11 अगस्त को दी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

FBI द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद अदालत ने कुछ शर्तों के साथ आरोपी डॉक्टर को जमानत दे दी है. खबरों के मुताबिक सुदीप्ता मोहंती अमेरिका के बॉस्टन में इंटरनल मेडिसिन और प्राइमरी डॉक्टर है.

Advertisement

मामले में दाखिल आरोपपत्र के मुताबिक, 27 मई, 2022 को उन्होंने हवाई की एक विमानन कंपनी के विमान से होनूलूलू से बॉस्टन के लिए उड़ान भरी. प्लेन में डॉक्टर मोहंती की बगल में एक 14 साल की बच्ची बैठी थी. वो अपने दादा-दादी के साथ सफर कर रही थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक बच्ची ने बताया सफर के बीच में उसने देखा कि डॉक्टर मोहंती ने खुद को गले तक कंबल से ढक रखा है. कुछ देर बाद उनका कंबल पूरी तरह नीचे गिर चुका था. बच्ची के मुताबिक तब उसने देखा कि आरोपी डॉक्टर आपत्तिजनक हरकत कर रहे थे.

खबरों के मुताबिक इसके बाद बच्ची उठकर दूसरी लाइन में खाली सीट पर जाकर बैठ गई. बॉस्टन पहुंचने के बाद उसने अपने परिवार वालों को पूरे वाकये की जानकारी दी. उसकी बात सुन घर वालों ने अधिकारियों के पास इसकी शिकायत की. अब इसी मामले में FBI की बॉस्टन ब्रांच ने गुरुवार को डॉक्टर मोहंती को गिरफ्तार किया. 

स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है. बॉस्टन FBI की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि आरोपी अभी दोषी साबित नहीं हुआ है. तब तक उसे दोषी नहीं माना जाएगा. अगर डॉक्टर मोहंती दोषी साबित होते हैं तो उन्हें 90 दिनों की जेल और 5000 डॉलर यानी करीबन 4 लाख 13 हजार 980 रुपये का जुर्माना देना पड़ सकता है.

Advertisement

Advertisement