The Lallantop

BBC के कंप्यूटरों में IT अधिकारियों ने कुछ 'कीवर्ड' खोजे, संपादकों ने किस चीज का ऐक्सेस नहीं दिया?

IT की टीम सुबह 11 बजकर 56 मिनट पर BBC दफ्तर पहुंची. उस वक्त IT के अधिकारियों और BBC दिल्ली के संपादकों के बीच कुछ बहस भी हुई.

Advertisement
post-main-image
बीबीसी के ऑफिस में IT का 'सर्वे'. दाईं तस्वीर सांकेतिक है. (इंडिया टुडे.)

BBC के दिल्ली और मुंबई वाले ऑफिस में इनकम टैक्स विभाग के ‘सर्वे’ (Income Tax Survey in BBC Office) को लेकर कई तरह के सवाल किए जा रहे हैं. इनमें ये सवाल भी शामिल है कि आखिर आयकर विभाग BBC के दफ्तर में किस चीज का पता लगा रहा है. इंडिया टुडे के सूत्रों के मुताबिक, मामला कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है. इनकम टैक्स अधिकारियों ने इस कथित गड़बड़ी का पता लगाने के लिए BBC दफ्तर के सिस्टम पर कुछ कीवर्ड सर्च किए हैं. जैसे 'शेल कंपनी', ‘फंड ट्रांसफर’ और ‘विदेशी ट्रांसफर’. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिपोर्ट के अनुसार, सर्वे के दौरान इनकम टैक्स विभाग ने BBC में काम करने वाले पत्रकारों के फोन और लैपटॉप भी जब्त कर लिए. छह घंटे तक कर्मचारियों के लैपटॉप स्कैन किए गए और इसके बाद ही उन्हें जाने दिया गया. कुछ कर्मचारी अभी भी दफ्तर में हैं. आईटी के सूत्रों से पता चला कि विभाग को कुछ स्पष्टीकरण की जरूरत थी. इसी के लिए विभाग की टीम एक सर्वे के लिए गई थी. अधिकारी BBC के अकाउंट और बैलेंस शीट की जांच करने गए थे. कहा जा रहा है मामला इंटरनेशनल टैक्स से जुड़ा है.

जब BBC के दरवाजे पर पहुंचे IT अधिकारी

इंडिया टुडे के मुताबिक दिल्ली स्थित BBC ऑफिस के सूत्रों से पता चला है कि IT की टीम वहां सुबह 11 बजकर 56 मिनट पर पहुंची थी. उस वक्त IT के अधिकारियों और BBC दिल्ली के संपादकों के बीच कुछ बहस भी हुई थी. सूत्रों के हवाले से ये भी पता चला है कि IT सर्वे के दौरान BBC इंडिया की हेड रूपा झा दिल्ली वाले ऑफिस में मौजूद नहीं थीं. वहीं BBC के संपादकों ने IT अधिकारियों को अपने सिस्टम पर किसी भी संपादकीय कॉन्टेंट का ऐक्सेस देने से इनकार कर दिया.

Advertisement

ये सर्वे ऐसे वक्त पर हो रहा है कि जब BBC की डॉक्यूमेंट्री “इंडिया - द मोदी क्वेश्चन” को लेकर देश भर में बहस जारी है. दो एपिसोड की इस डॉक्यूमेंट्री में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर को दिखाया गया है. इसमें 2002 के गुजरात दंगों के दौरान नरेंद्र मोदी की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं. वे तब गुजरात के मुख्यमंत्री थे. इस डॉक्यूमेंट्री पर भारत में पाबंदी लगाई गई है.

ये भी पढ़ें- BBC के यहां छापा पड़ा, BJP ने जांच एजेंसियों के लिए 'पिंजरे का तोता' वाली बात कह दी

भारत सरकार ने इस डॉक्यूमेंट्री को 'प्रोपेगैंडा पीस' करार दिया था. मंगलवार को BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने BBC के दफ्तर पर हुई रेड को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की. उन्होंने कहा कि BBC का इतिहास भारत के खिलाफ काम करने का रहा है. गौरव का कहना था कि अगर BBC ने कुछ गलत नहीं किया है, तो डर कैसा. वहीं कांग्रेस समेत तमाम विपक्ष ने इस कार्रवाई को प्रेस, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया है.

Advertisement

राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ चुका है. अमेरिकी राज्य विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है,

“हम दिल्ली के BBC ऑफिस में IT अधिकारियों की तलाशी के बारे में जानते हैं. मैं कहना चाहूंगा कि हम दुनिया भर में स्वतंत्र प्रेस के महत्व का समर्थन करते हैं.”

हालांकि नेड प्राइस ने साथ में ये भी कहा कि फिलहाल वो इस मामले पर किसी तरह का जजमेंट देने की स्थिति में नहीं हैं.

वीडियो: बीबीसी के दफ्तर में इनकम टैक्स की रेड, डॉक्युमेंट्री पर क्या बोले अमित शाह

Advertisement