खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh Video) का एक और वीडियो आया है. ये वीडियो यूट्यूब और फेसबुक पर जारी हुआ. इस वीडियो में अमृतपाल ने कहा है कि वो जल्द दुनिया के सामने आएगा. उसने ये भी कहा कि वो हुकूमत से नहीं डरता. अमृतपाल ने अपने परिवार के लिए भी एक ख़ास संदेश दिया है. एक दिन पहले ही उसने एक वीडियो जारी किया था.
भगोड़े अमृतपाल ने फिर वीडियो बना चैलेंज किया- 'ना भागा हूं, ना हुकूमत से डरता हूं'
अमृतपाल क्या बड़ी तैयारी कर रहा है?


# वीडियो में क्या कहा?
अमृतपाल ने इस दूसरे वीडियो में कहा कि वो उनमें से नहीं हैं जो देश छोड़ भाग जाएगा. उसने ये भी कहा कि संगत से भी मिलेगा. पंजाबी सभाओं को आम भाषा में संगत कहते हैं. अमृतपाल ने अपने समर्थकों से कहा कि वो गांव-गांव जाकर लोगों को 'सरबत खालसा' के लिए प्रेरित करें. बताते चलें, 29 मार्च को एक यूट्यूब वीडियो में अमृतपाल ने बैसाखी यानी 14 अप्रैल को सरबत खालसा बुलाए जाने की मांग की थी.
सिखों में बड़ी सभा को सरबत खालसा कहते हैं. सरबत माने 'सभी' और खालसा माने 'सिख'. यानी सभी सिखों की एक सभा. ऐसी सभा में दुनियाभर से सिखों के प्रतिनिधियों को बुलाया जाता है.
अमृतपाल ने आगे अपने परिवार को भी संदेश भेजा. उसने कहा कि वो मजबूत रहें और सपोर्ट की तलाश ना करें. जिन्हें सपोर्ट करना है, वो करते रहेंगे.
# अकाल तख्त से की मांग
अमृतपाल ने अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह से कहा कि बतौर अकाल तख्त प्रमुख यह उनकी भी परीक्षा है. अमृतपाल की मांग है कि हरप्रीत जल्द से जल्द सरबत खालसा बुलाएं. अमृतपाल ने अपने सफर पर कहा है कि वो जिस रास्ते पर चल रहा है, वो कांटों से भरा है. उसने ये भी कहा,
“मैं बागी हूं, भागा नहीं हूं. हुकूमत से नहीं डरता. जिसे जो करना हो, कर ले. हुकूमत से ना कल डरता था, ना अब डरता हूं.”
# पहले भी भेजा वीडियो मैसेज
29 मार्च को अमृतपाल सिंह ने अपना एक रिकॉर्डेड वीडियो पंजाबी में जारी किया था. इस वीडियो में वो लोगों को भड़काने का काम कर रहा था. वो पुलिस और सिस्टम को चुनौती देता नज़र आया. उसका कहना था कि पुलिस उसका बाल भी बांका नहीं कर सकती है. इसके साथ ही उसने बैसाखी पर सरबत खालसा की मांग रखी थी.
# 13 दिन से फरार हैं अमृतपाल
18 मार्च को पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह और उसके समर्थकों/सहयोगियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा गिरफ्तारियां की थीं. फरवरी महीने में अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने कथित तौर पर पंजाब के अमृतसर के अजनाला थाने में हिंसा की थी. अमृतपाल सिंह के कई समर्थकों ने तलवारों और बंदूकों के साथ पुलिस बैरिकेड्स पर हमला कर उसे तोड़ दिया था. पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं सकी है. बुधवार 29 मार्च की देर रात अमृतपाल के पंजाब आने की खबर आई थी. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी.
वीडियो: फरार अमृतपाल सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी किया, 14 अप्रैल को कुछ बड़ा करने का ऐलान





















