तेलंगाना के साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो (TGCSB) में राज्य का सबसे बड़ा फ़्रॉड रिपोर्ट हुआ है. 75 साल के एक व्यक्ति को 13 करोड़ 26 लाख रुपये का चूना लगाया गया है. जिस शख्स के पैसे लुटे हैं, वो एक पब्लिक सेक्टर यूनिट में सीनियर मैनेजर थे. पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
WhatsApp पर बुजुर्ग से 13 करोड़ रुपये की लूट, भारी मुनाफे के नाम पर घुमाया
Rs. 13.26 crore cyber fraud in Hyderabad: पीड़ित को 1 जुलाई को वॉट्सऐप पर निवेश का एक ऑफ़र आया था. घपलेबाजों ने बंपर मुनाफ़े के नाम पर उसे लुभाया और 10 दिनों के अंदर उसने 4 करोड़ रुपये निवेश कर डाले. कुछ दिनों बाद 9 करोड़ रुपये लगा दिए.


NDTV में छपी ख़बर के मुताबिक़, पीड़ित को 1 जुलाई को वॉट्सऐप पर निवेश का एक ऑफ़र आया. घपलेबाजों ने बंपर मुनाफ़े के नाम पर उन्हें लुभाया. बुजुर्ग उनकी बातों में आ गए और 10 दिनों के अंदर 4 करोड़ रुपये का निवेश कर डाला.
जब उन्होंने खाते में बचे 10 करोड़ रुपये निकालने चाहे, तो फिर उनसे कहा गया कि भारी मुनाफे के बदले उन्हें GST, SGST, कनवर्ज़न रेट, फ़ॉरन करेंसी टैक्स वग़ैरा भरना पड़ेगा. उनकी बातों में आकर बुजुर्ग ने निवेशों के लिए म्यूचुअल फंड और अकाउंट्स से भी अपनी सारी बचत निकाल ली. अपने निवेश वापस निकालने और मुनाफ़े की उम्मीद में उन्होंने अगले 15 दिनों के भीतर 9 करोड़ रुपये लगा दिए. लेकिन ये समझने में उन्हें 50 दिन लग गए कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है.
इसके बाद सोमवार, 2 सितंबर को उन्होंने तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो को शिकायत दर्ज कराई. लेकिन इतनी देर से रिपोर्ट करने की वजह से रिकवरी की उम्मीद बहुत कम हो चुकी थी. उनके बैंक से निकले कुल 13 करोड़ रुपये में से पुलिस सिर्फ़ 20 लाख रुपये ही बचा पाई. ये रक़म राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल जैसे राज्यों में फैले कई खातों से चेक, ATM कार्ड वग़ैरा के ज़रिए निकाली गई थी. दो करोड़ रुपये दूर दुबई से निकाले गए थे.
मामले में ताजा अपडेट ये है कि TGCSB ने बुजुर्ग से ठगी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके नाम सैयद खाजा हाशिमुद्दीन (24), अराफात खालिद मोहिनुद्दीन (25) और मोहम्मद अतीर पाशा (25) हैं. इंडिया टुडे से जुड़े अब्दुल बशीर की रिपोर्ट के मुताबिक तीनों बहुत ‘बौद्धिक’ तरीके से धोखाधड़ी को अंजाम देते रहे हैं. इन्होंने अपनी बातों से पीड़ित को यकीन दिला दिया कि स्टॉक ट्रेडिंग में इनवेस्ट करने से उसे बड़ा मुनाफा मिलेगा.
आरोपियों के बारे में पुलिस ने जानकारी दी है. सैयद खाजा छात्र है. हैदराबाद के चारमीनार इलाके में रहता है. अराफात खालिद भी पढ़ता है और हिमायत नगर का निवासी है. वहीं मोहम्मद पाशा हैदराबाद मेट्रो रेल में प्राइवेट कर्मचारी के तौर पर काम करता है. वो भी हिमायत नगर का रहने वाला है. रिपोर्ट के मुताबिक ये तीनों अवैध क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग में शामिल रहे हैं. ठगी से हासिल हुई रकम को पाशा के अकाउंट में डाला जाता था. फिर उससे क्रिप्टो कॉइन खरीद कर Angelx.com नाम के प्लेटफॉर्म पर बेच देते थे.
पुलिस आगे की जांच कर रही है. आरोपियों से पूछताछ जारी है.
वीडियो: #BSNL_की_घर_वापसी के नाम पर चल रहा फ्रॉड, सिम पोर्ट कराने से पहले ये जान लें






















