राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में चुनाव से पहले बड़ी घोषणा की है. इसका नाम है - Griha Lakshmi Guarantee. सीएम गहलोत ने कांग्रेस की सरकार बनने पर 1 करोड़ 5 लाख परिवारों को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया है. साथ ही उन्होंने परिवार की महिला मुखिया को हर साल 10 हजार रुपए की राशि देने का वादा भी किया है.
अशोक गहलोत का ऐलान - सरकार आई तो महिलाओं को सालाना 10 हज़ार रुपये देंगे
1 करोड़ 5 लाख परिवारों को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने का भी वादा.
.webp?width=360)

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 25 अक्टूबर के दिन राजस्थान के झुंझुनू के अरड़ावता में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे. गहलोत के साथ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं. रैली को संबोधित करते हुए अशोक गहलोत ने कहा,
“हमारी सरकार आई तो 1 करोड़ 5 लाख परिवारों को 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा. परिवार की महिला मुखिया को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी.”
सीएम गहलोत ने बताया कि गृहलक्ष्मी गारंटी के रूप में परिवार की महिला मुखिया को सम्मान के रूप में किस्तों में 10 हजार रुपए प्रति वर्ष दिए जाएंगे.
रैली में प्रियंका गांधी ने कहा,
“आज मैं आप सभी को राजस्थान के वीरतापूर्ण इतिहास के बारे में बताने के लिए यहां आई हूं. राजस्थान को वीरों का प्रदेश भी कहा जाता है, और ये एक सच्चाई है. राजस्थान की धरती ने कई महान योद्धाओं को जन्म दिया है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपनी जान दे दी.”
प्रियंका ने आगे कहा कि, मैं आप सभी से अपील करती हूं कि ऐसे नेताओं को चुनें जो देश के लिए सोचें. जो देश के विकास के लिए काम करें. जो देश के युवाओं को रोजगार दें.
गृह लक्ष्मी गारंटी स्कीमकांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के वक्त इस स्कीम को लॉन्च किया था. कर्नाटक में सरकार बनने के बाद प्रदेश की सिद्धारमैया सरकार इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2000 रुपए दे रही है. अब कांग्रेस ने कर्नाटक की तर्ज पर ही राजस्थान में भी इस योजना को लागू करने का ऐलान किया है. गृह लक्ष्मी गारंटी स्कीम के तहत महिला मुखिया को हर साल मिलने वाली 10 हजार रुपए की राशि, दो या तीन किस्तों में दी जा सकती है. सरकार बनने के बाद इस स्कीम को लागू करने के लिए नियम बनाए जाएंगे.
(ये भी पढ़ें: राजस्थान में भी होगा जातिगत सर्वे, चुनाव से पहले CM अशोक गहलोत का बड़ा एलान)
वीडियो: अशोक गहलोत ने BJP की सरकार बचाने का किस्सा सुनाया, वसुंधरा राजे क्या चाहती थी ये भी बता गए






















