The Lallantop

प्रेमी बोला, 'पति की न हुई मेरी क्या होगी', प्रेमिका ने उस्तरे से गला काट लाश सूटकेस में भर दी

पति को छोड़ 4 साल से प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही थी आरोपी महिला. यूपी के गाजियाबाद का मामला.

Advertisement
post-main-image
झगड़ा हुआ जिसके बाद प्रेमिका ने उस्तरे से प्रेमी का गला काट दिया | फोटो: आजतक

गाजियाबाद (Ghaziabad) में एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी की गला काटकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक 4 साल से लिव-इन में रह रही प्रेमिका का उसके प्रेमी से झगड़ा हुआ जिसके बाद प्रेमिका ने उस्तरे से प्रेमी का गला काट दिया. हत्या के बाद लाश को 24 घंटे तक फ्लैट में ही छिपाकर रखा. महिला जब शव को ठिकाने लगाने जा रही थी तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्यों कर दी प्रेमिका ने प्रेमी की हत्या?

गाजियाबाद पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया,

'आरोपी महिला का नाम प्रीति है. उसकी शादी दीपक यादव से हुई थी. मगर विवाद के बाद प्रीति ने अपने पति को छोड़ दिया. करीब 4 साल से प्रीति फिरोज के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. फिरोज संभल का रहने वाला था. दोनों गाजियाबाद में टीला मोड़ इलाके के तुलसी निकेतन में एक फ्लैट में रहते थे. शनिवार,6 अगस्त को देर रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ और प्रीति ने फिरोज को मार दिया. ये हत्या करने के लिए प्रीति ने उस्तरे का इस्तेमाल किया. उसने फिरोज के गले पर कई वार करके उसे मार दिया.'

Advertisement

 पुलिस के मुताबिक फिरोज दिल्ली में हेयर ड्रेसिंग का काम करता था. उसका ही एक उस्तरा घर में रखा हुआ था. प्रीति ने हत्या के लिए उसी उस्तरे का इस्तेमाल किया.

आजतक से जुड़े अरविंद कुमार ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद प्रीति ने पुलिस की पूछताछ के दौरान बताया,

'मैं ज्यादा दिन तक लिव-इन में नहीं रहना चाहती थी. फिरोज से बार-बार शादी करने के लिए कह रही थी. शनिवार रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. फिरोज ने मुझसे कहा कि तू चालू औरत है. तू अपने पति की नहीं हुई तो मेरी क्या होगी. इसी बात पर मुझे गुस्सा आ गया. घर के अंदर रखे उस्तरे से फिरोज का गला काट दिया.'

Advertisement
गाजियाबाद पुलिस ने कैसे पकड़ा?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वारदात के बाद प्रीति अगले दिन रविवार 7 अगस्त को गाजियाबाद के सीलमपुर इलाके की मार्केट में गई. यहां उसने एक बड़े साइज का सूटकेस खरीदा. घर आकर उसने लाश को सूटकेस में रखा. गाजियाबाद के एसएसपी मुनिराज गोबू ने बताया,

आरोपी महिला (प्रीति) रविवार देर रात करीब 3.30 बजे सूटकेस को खींचती हुई अपने फ्लैट से नीचे आई. ऑटो का इंतजार कर रही थी, इसी दौरान लोकल थाने की पुलिस की एक पेट्रोलिंग टीम वहां से निकली. अचानक पुलिस को देखकर वह घबरा गई. सूटकेस उसके हाथ से छूट गया. महिला को देखकर पुलिस को शक हुआ. पुलिस वालों ने सूटकेस खुलवाया तो उसके अंदर लाश मिली.

एसएसपी के मुताबिक मृतक फिरोज के परिवार वालों को घटना की सूचना दे दी गई है. मामले पर आगे कार्रवाई की जा रही है.

वीडियो देखें: श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी पर 48 घंटे का अल्टिमेटम दे क्या बोले सांसद महेश शर्मा

Advertisement