The Lallantop

झारखंड: धनबाद के आशीर्वाद टावर में पूजा के दौरान लगी आग, मरने वाले 14 लोगों में 3 बच्चे

हादसे में 10 महिलाओं और 1 पुरुष की भी मौत.

Advertisement
post-main-image
बिल्डिंग में लगी आग को बुझाने की कोशिश और रेस्क्यू के दौरान एंबुलेंस (फोटो: आजतक)

झारखंड (Jharkhand) के धनबाद से मंगलवार, 31 जनवरी को एक बिल्डिंग में भीषण आग लगने की खबर आई. धनबाद के आशीर्वाद टावर में आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई. आशीर्वाद टावर धनबाद (Dhanbad) के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के शक्ति मंदिर के पास स्थित है. यहां मंगलवार, 31 जनवरी की शाम को आग लग गई थी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक के सिथुन मोदक की रिपोर्ट के मुताबिक धनबाद के डिप्टी कमिश्नर संदीप कुमार ने फोन पर बताया कि मरने वालों की कुल संख्या 14 है. इसमें 10 महिलाएं, 3 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं. धनबाद के SSP संजीव कुमार ने बताया कि रेस्क्यू का काम चल रहा है. कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

कैसे लगी आग?

धनबाद के डिप्टी कमिश्नर संदीप कुमार का कहना है कि आशीर्वाद अपार्टमेंट में चल रही किसी पूजा के दौरान चिंगारी से आग लगने की खबर है. आग लगने से पूरी बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई थी. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची गई थीं. रिपोर्ट के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है. इस हादसे में कुल कितने लोग घायल हुए हैं और कितने लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, इसकी सटीक जानकारी नहीं है.

Advertisement

वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर हादसे पर संवेदना जताई है,

धनबाद के आशीर्वाद टावर अपार्टमेंट में आग लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत मर्माहत करने वाली है. जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है तथा हादसे में घायल लोगों को उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. मैं खुद पूरे मामले को देख रहा हूं.

परमात्मा दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे. घायलों को शीघ्र चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कार्य किया जा रहा है.

धनबाद में आग लगने की घटनाएं

दो दिन पहले ही बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के हाजरा क्लीनिक में आग लग गई थी. इसमें 5 लोगों की दम घुटने के कारण मौत हो गई थी. इसके बाद एक बार फिर आशीर्वाद टावर में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें- झारखंड में अस्पताल में आग लगने से भीषण हादसा, दो डॉक्टर समेत 6 की मौत

इसके अलावा बीते दिन सोमवार, 30 जनवरी को भी धनबाद से आग लगने की खबर आई थी. धनबाद के कुमारधुबी बाजार में सुबह-सुबह भीषण आग लग गई थी. ये आग एक के बाद एक कई दुकानों तक फैल गई थी और 19 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था.

वीडियो: जैन धर्म के लोग झारखंड सरकार के किस फैसले से नाराज, जिस पर विवाद चल रहा

Advertisement