The Lallantop

बंगाल विधानसभा में बजट पेश हो रहा था, खुद को 'TMC का MLA' बताकर शख्स अंदर घुस आया

आरोपी के साथ बड़ी त्रासदी हुई थी.

Advertisement
post-main-image
बंगाल विधानसभा में विधायक बनकर घुसा अंजान शख्स. (तस्वीर- ट्विटर)

बंगाल में एक शख्स खुद को विधायक बताकर राज्य विधानसभा में घुस गया. पुलिस ने उसे विधानसभा भवन के अंदर से गिरफ्तार किया. मामला सीधे-सीधे विधानसभा सदस्यों, अन्य पदाधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़ा है. फिलहाल साफ नहीं है कि शख्स कैसे हाई सिक्योरिटी के बावजूद विधानसभा में घुस आया. सवाल उठता है कि वो कैसे खुद को एमएलए बताता हुआ अंदर तक पहुंच गया और किसी को पता नहीं चला. क्या किसी ने उसे नहीं रोका? बताया ये भी जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
विधानसभा में घुसा अंजान शख्स

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाकया बुधवार, 15 फरवरी को उस समय का है जब बंगाल विधानसभा में बजट पेश किया जा रहा था. तभी गजानन वर्मा नाम का व्यक्ति विधानसभा में घुस आया. 63 वर्षीय गजानन हावड़ा के निवासी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि गजानन ने एंट्री गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वो शिवपुर से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक हैं. ये साफ नहीं है कि ये सब कैसे हुआ. क्या सुरक्षाकर्मियों ने गजानन से कोई आईडी कार्ड या एंट्री के लिए जरूरी कोई दस्तावेज नहीं मांगा. फिलहाल ये जरूर साफ है कि उन्हें चकमा देकर गजानन विधानसभा की लॉबी तक पहुंच गए.

अंदर दाखिल होने के बाद वो वहां मौजूद लोगों से रास्ता पूछ रहे थे. तभी वहां तैनात एक सुरक्षाकर्मी को संदेह हुआ. उसने आरोपी से सवाल-जवाब किया तो उसने खुद को विधायक बताया. इसके बाद गार्ड ने गजानन से विधायक नंबर पूछा जोकि उसके विधानसभा क्षेत्र का नंबर होता है. शिवपुर विधानसभा का नंबर 170 है. गजानन ने सुरक्षाकर्मी को गलत नंबर बताया. इसके बाद गार्ड ने उन्हें पुलिस को सौंप दिया.

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 2:30 बजे के आस-पास आरोपी को विधानसभा भवन के साउथ पोर्टिको से गिरफ्तार किया गया था. शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी गजानन हावड़ा के बेलिलियस रोड में अपने पोते के साथ रहते हैं. उनके पास से दो पत्र बरामद हुए हैं. इनमें राज्यपाल को संबोधित किया गया था. आरोपी का दावा था कि उन्हें राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भेजा है. इसके अलावा उसके पास से और कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ.

अधिकारियों के मुताबिक गजानन मानसिक रूप से बीमार हैं. साल 2020 में उनके इकलौते बेटे का निधन हो गया था. फिर साल 2021 में उनकी पत्नी भी गुजर गई. लेकिन गजानन के विधानसभा के अंदर कैसे पहुंच गए, ये पूरी तरह साफ नहीं हैं. घटना के बाद अब सुरक्षा खामियों की जांच की जा रही है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: पीएम मोदी की सबसे पसंदीदा योजना में बंगाल से लेकर मध्यप्रदेश तक 'घोटालों' का खेल कैसे हुआ?

Advertisement

Advertisement