नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब को कोट करने की कोशिश की. किताब छपी नहीं है, तो संसद में हंगामा हो गया. राहुल गांधी नरवणे की किताब से गलवान मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे थे. हालांकि उनके मुंह से डोकलाम निकला, लेकिन मसला गलवान का था. अब इस पूरे विवाद पर पूर्व वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया ने प्रतिक्रिया सामने आई है.
राहुल गांधी ने गलवान पर जो दावा किया उस पर पूर्व IAF प्रमुख का जवाब आ गया
Rahul Gandhi ने पूर्व सेना प्रमुख MM Narvane की किताब के हवाले से संसद में दावा कर दिया कि गलवान में चीनी सेना भारतीय सीमा के काफी अंदर आ गई थी.


आरकेएस भदौरिया उस समय वायुसेना प्रमुख थे जब लद्दाख में चीन के साथ तनाव चल रहा था. उन्होंने कहा कि जिस किताब का प्रकाशन अभी हुआ ही नहीं है, उस पर चर्चा करना ठीक नहीं है. उनका कहना है कि यह ‘बेवजह विवाद खड़ा करने की कोशिश’ है. उन्होंने कहा कि उस समय जमीन पर स्थिति पूरी तरह साफ थी और भारतीय सेना व वायुसेना ने लद्दाख में मजबूती के साथ काम किया और सफलता हासिल की.
भदौरिया ने कहा कि गलवान घाटी की घटना के समय राजनीतिक नेतृत्व ने सेनाओं को फैसले लेने की पूरी आज़ादी दी थी. सरकार और रक्षा मंत्रालय की तरफ से समय पर स्पष्ट निर्देश मिल रहे थे. भदौरिया ने यह भी कहा कि गलवान के समय भारत ने कुछ ऐसे मजबूत फैसले लिए जो पहले कभी नहीं लिए गए थे. उन्हीं सख्त और निर्णायक कदमों की वजह से स्थिति को संभाला गया. उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत नेतृत्व और सही निर्णयों के कारण ही भारत को गलवान से लेकर बालाकोट और हाल के सैन्य अभियानों तक सफलता मिली.
राहुल गांधी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर भाषण दे रहे थे. उन्होंने पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब का जिक्र किया. लेकिन जैसे ही उन्होंने इस पर बोलना शुरू किया, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ समेत भाजपा के अन्य सदस्य उन्हें रोकने के लिए उठ खड़े हुए.
राहुल गांधी जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब को लेकर छपे एक मीडिया आर्टिकल का जिक्र कर रहे थे. इस आर्टिकल में नरवणे की किताब के हवाले से दावा किया गया कि 2020 में जनरल मनोज नरवणे ने रक्षा मंत्री समेत टॉप लीडरशिप से एक्शन लेने के ऑर्डर्स मांगे थे. राहुल ने जैसे ही इसका जिक्र किया, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसका विरोध किया और सदन में हंगामा शुरू हो गया.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: गलवान की 'असल' कहानी... पूर्व आर्मी चीफ एमएम नरवणे ने अब सब बताया





















