The Lallantop

'आज रात एक पूरी सभ्यता की मौत होगी', डॉनल्ड ट्रंप की धमकी से पूरी दुनिया बेचैन

ट्रंप की डेडलाइन मंगलवार, 7 अप्रैल को वॉशिंगटन डीसी के समय के मुताबिक रात 8 बजे और भारत के हिसाब से बुधवार सुबह 5.30 बजे खत्म हो रही है.

Advertisement
post-main-image
डॉनल्ड ट्रंप की ईरान को फिर धमकी. (India Today)

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की एक ताजा धमकी ने पूरी दुनिया को बेचैन कर दिया है. होर्मुज खोलने के लिए ईरान को दिए 10 दिन के अल्टीमेटम का समय खत्म होने को है. इस बीच ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से धमकी दी है कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी. उनका साफ इशारा ईरान की तरफ है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ईरान दुनिया की प्राचीन सभ्यताओं में से एक है, जिसका इतिहास 5 हजार से ज्यादा वर्षों तक फैला है. अमेरिका के साथ जंग में उलझे ईरान ने दुनिया भर में तेल और गैस के बड़े हिस्से की सप्लाई का रास्ता रोक रखा है. ट्रंप ने उसे धमकाया था कि अगर 10 दिन में वो रास्ता नहीं खोलता है तो ईरान के पावर प्लांट पर हमला होगा. ईरान ने उनकी धमकी को कान तक न दिया.

ट्रंप की डेडलाइन मंगलवार, 7 अप्रैल को वॉशिंगटन डीसी के समय के मुताबिक रात 8 बजे और भारत के हिसाब से बुधवार सुबह 5.30 बजे खत्म हो रही है. इससे पहले, मंगलवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके ईरान पर बड़े हमले के संकेत दिए हैं. धमकी और उम्मीद से भरे इस पोस्ट में उन्होंने लिखा,  

Advertisement

आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो लेकिन शायद ऐसा ही होगा. 

ट्रंप ने उम्मीद भी जताई कि ईरान में पूरी तरह से सत्ता बदल गई है. वहां के शासन में अब अलग तरह के, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग हावी हैं. ऐसे में क्या पता, वहां कुछ बहुत ही शानदार और क्रांतिकारी काम हो जाए. जो भी हो, मंगलवार, 7 अप्रैल की रात तक सब पता चल जाएगा. ट्रंप ने कहा, 

यह दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है. पिछले 47 साल से वहां जो जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का दौर चल रहा था वो आखिरकार खत्म हो जाएगा. ईरान के महान लोगों पर ईश्वर की कृपा हो.

Advertisement
donald
डॉनल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया है. (X)

इससे पहले सोमवार, 6 अप्रैल को ट्रंप ने धमकी दी थी कि ईरान को एक ही रात में खत्म किया जा सकता है. अगर ईरान उनकी दी गई डेडलाइन से पहले अमेरिका से डील करने में नाकाम रहता है तो मंगलवार 7 अप्रैल की रात उसकी आखिरी रात भी हो सकती है. 

इस बीच ईरान ने अस्थायी युद्धविराम के प्रस्तावों को खारिज कर दिया है. इसके बजाय उसने संघर्ष को पूरी तरह से खत्म करने और प्रतिबंध हटाने की मांग की है. उसकी प्रमुख तीन मांगें हैं- ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाया जाए, होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में ईरान का सहयोग किया जाए और हमलों से ध्वस्त ईरान के नागरिक ढांचों के पुनर्निर्माण में सहयोग किया जाए.

वीडियो: ट्रंप की धमकी पर ईरान की कितनी तैयारी? कौन-से ठिकाने निशाने पर?

Advertisement